पुल बनेगा : अब पश्चिमी गंगाघाट के रास्ते की बारी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Sep 28, 2026
50 हजार आबादी के लिए रैंप की मांग, हर साल बाढ़ झेल रहे शहर के स्थायी समाधान की भी उठी आवाज

उन्नाव/गंगाघाट। निर्माणाधीन नवीन गंगा पुल को लेकर पश्चिमी गंगाघाट के लोगों की चिंता सामने आई है। क्षेत्र की करीब 50 हजार आबादी को आशंका है कि अगर पुल से पश्चिमी गंगाघाट की ओर उतरने के लिए रैंप या एप्रोच मार्ग नहीं बनाया गया तो पुल बनने के बाद भी उन्हें इसका सीधा फायदा नहीं मिल पाएगा। इस मुद्दे को लेकर पूर्व नौसैनिक एवं संदेश फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप पाण्डेय ने प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। संदीप पाण्डेय ने कहा कि पश्चिमी गंगाघाट के चार वार्डों में बड़ी आबादी रहती है। यहां पहले से रेलवे क्रॉसिंग के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नया गंगा पुल क्षेत्र के लिए बड़ी सुविधा बन सकता है, लेकिन इसके लिए पश्चिमी गंगाघाट की तरफ उतरने का रास्ता जरूरी है।उन्होंने मंत्री से पुल का निर्माण पूरा होने से पहले ही तकनीकी स्तर पर सर्वे कराने और जरूरत के मुताबिक रैंप अथवा एप्रोच मार्ग की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि निर्माण के बाद अलग से रास्ता तैयार करना मुश्किल और अधिक खर्चीला हो सकता है। इसलिए अभी से इसकी योजना बनाए जाने की जरूरत है।
हर साल बाढ़, स्थायी इंतजाम की मांग
बैठक में गंगाघाट की दूसरी बड़ी समस्या बाढ़ को लेकर भी चर्चा हुई। क्षेत्र में हर साल बाढ़ आने से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। जलभराव और बाढ़ का असर स्थानीय आबादी के साथ आवागमन और रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी पड़ता है। संदीप पाण्डेय ने बाढ़ से हर साल होने वाली परेशानी का स्थायी समाधान निकालने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कराने की मांग की। उन्होंने आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराए जाने की जरूरत बताई, ताकि हर वर्ष बाढ़ आने पर राहत और बचाव के इंतजाम करने के बजाय समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि नया गंगा पुल और बाढ़ से राहत, दोनों ही गंगाघाट के भविष्य से जुड़े मुद्दे हैं। इसके लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के स्तर पर आगे भी प्रयास किए जाएंगे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन