जेल में बंद कैदी की संदिग्ध मौत : अस्पताल रोड पर शव रखकर लगाया जाम
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Jun 24, 2026
परिजनों का हंगामा, बोले- जेल में पीट-पीटकर ली जान

उन्नाव। जिला जेल में बंद हत्या के प्रयास के आरोपी की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या का दावा किया। नाराज परिजनों ने जिला अस्पताल रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। आसीवन थाना क्षेत्र के बेगम नगर रसूलाबाद निवासी शफीक अहमद हत्या के प्रयास के मामले में जिला जेल में निरुद्ध था। पुलिस ने उसे 21 जून को हुए धारदार हथियार से हमले के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोप था कि उसने अपने बेटे आदिल के साथ मिलकर अनस नाम के युवक पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शफीक को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। जेल प्रशासन के मुताबिक बुधवार दोपहर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद जेल कर्मी उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि जेल के अंदर शफीक के साथ मारपीट की गई, जिसके चलते उसकी जान गई। परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल गेट के बाहर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को काबू में किया। जेल अधीक्षक नीरज देव ने बताया कि बंदी की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया था। मौत के कारणों की जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन