बकरीद कल : अल्लाह की राह में कुर्बानी देकर त्याग, इंसानियत और भाईचारे का देंगे पैगाम
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, May 27, 2026
ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज़ की तैयारियां पूरी, प्रशासन अलर्ट, खुले में कुर्बानी और सड़क पर नमाज़ पर रोक

उन्नाव। इस्लाम के दो सबसे बड़े त्योहारों में शामिल ईद-उल-अजहा (बकरीद) बृहस्पतिवार को जिलेभर में अकीदत, धार्मिक उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाई जाएगी। ईद-उल-फितर के ठीक दो महीने दस दिन बाद जिलहिज्जा महीने की 10 तारीख को मनाया जाने वाला यह पर्व त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देता है। इस मौके पर मुसलमान तीन दिन तक कुर्बानी करते हैं। गुरुवार सुबह जिले की मस्जिदों और ईदगाहों में तकबीरों की सदाएं गूंजेंगी और लाखों लोग नमाज अदा कर अमन, खुशहाली और मुल्क में भाईचारे की दुआ मांगेंगे। शहर और आसपास के इलाकों में बकरीद को लेकर रौनक अपने चरम पर पहुंच गई है। मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाजारों में खरीदारी का दौर दिनभर जारी रहा। कहीं कुर्बानी के लिए बकरों की खरीद हुई तो कहीं घरों में दावतों और मेहमाननवाजी की तैयारियां चलती रहीं। भीषण गर्मी को देखते हुए इस बार कई जगह नमाज का समय सुबह जल्दी रखा गया है। बड़ी ईदगाह में पहली नमाज सुबह 7 बजे अदा की जाएगी, जबकि दूसरी जमात 7:45 बजे होगी। शाही जामा मस्जिद में नमाज 7:15 बजे और छोटी ईदगाह मस्जिद में 8:30 बजे अदा की जाएगी। धार्मिक विद्वानों ने लोगों से अमन, भाईचारा और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। शहर काजी मौलाना निसार अहमद मिसबाही ने कहा कि बकरीद सिर्फ कुर्बानी का त्योहार नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग और अल्लाह की राह में समर्पण का पैगाम भी देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के दौरान पड़ोसियों और सार्वजनिक व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें तथा गरीब और जरूरतमंद लोगों तक कुर्बानी का हिस्सा जरूर पहुंचाएं। ईदगाह इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष पीरज़ादा मोईनुल हक फारुकी ने बताया कि नमाज को लेकर पानी, सफाई और छांव की व्यवस्था की गई है। ईदगाह में पहली नमाज की इमामत मौलाना निसार अहमद मिसबाही स्वयं करेंगे, जबकि दूसरी नमाज सैय्यद वसीक अहमद अत्तारी अदा कराएंगे। मौलाना सैय्यद वसीक अहमद अत्तारी ने बताया कि हदीस के मुताबिक हर आकिल-बालिग मुस्लिम मर्द और औरत, जिसके पास साढ़े बावन तोला चांदी, साढ़े सात तोला सोना अथवा उसके बराबर नकद रकम हो और वह बुनियादी जरूरतों से फारिग होने के बाद कर्जदार न हो, उस पर कुर्बानी वाजिब है। मौलाना कारी मोहम्मद तौसिफ़ रज़ा ने बताया कि कुर्बानी के गोश्त के तीन हिस्से किए जाते हैं। एक हिस्सा गरीबों और मिस्कीनों के लिए, दूसरा रिश्तेदारों और पड़ोसियों के लिए तथा तीसरा हिस्सा अपने घर वालों के लिए रखा जाता है। इधर, शहर के कई इलाकों में बुधवार को सेवई, मेवा, मसाले और मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ उमड़ती रही। महिलाओं ने घरों में कोरमा, बिरयानी, शाही खुरमा, सेवई और अन्य पारंपरिक व्यंजनों की तैयारी शुरू कर दी है। बच्चों में नए कपड़ों और ईदी को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। किला निवासी सैय्यद मुजीबुल हसन नजमी मास्टर ने बताया कि बकरीद की तैयारी कई दिनों से चल रही थी। रिश्तेदारों और मेहमानों के लिए खास पकवान तैयार किए जा रहे हैं। त्योहार को लेकर बच्चों में भी काफी खुशी है।

प्रशासन अलर्ट, आईजी ने किया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। बुधवार शाम को आईजी किरण एस उन्नाव पहुंचे उन्होंने डीएम घनश्याम मीणा एसएसपी जयप्रकाश सिंह और पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख बाजारों तथा संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। आईजी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पिकेटिंग, सेक्टर मोबाइल और क्लस्टर मोबाइल की व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि छोटी से छोटी घटनाओं पर भी गंभीरता से नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलने पाए। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर नमाज अदा करने के संबंध में शासन के निर्देशों का पालन कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है। आईजी ने बताया कि संबंधित पक्षों से वार्ता की जा चुकी है और उनसे अनुरोध किया गया है कि नमाज केवल चिन्हित और निर्धारित स्थानों पर ही अदा की जाए। किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज नहीं होने दी जाएगी। यदि किसी स्थान पर भीड़ अधिक होती है तो वहां दो या अधिक शिफ्टों में नमाज अदा कराने की व्यवस्था की जाएगी। कुर्बानी को लेकर भी प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आईजी ने बताया कि खुले में जानवरों की कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। शासन की एसओपी के अनुसार केवल अधिकृत बूचड़खानों अथवा पूर्व से चिन्हित स्थानों पर ही कुर्बानी की अनुमति होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट को खुले में न फेंकें, क्योंकि इससे गंदगी और बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। प्रशासन द्वारा साफ-सफाई और कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था की गई है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार गश्त करेंगी। इन इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। आईजी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज का समय
जामा मस्जिद, एबी नगर – सुबह 7:15 बजे
मस्जिद-ए-कदी, दरोगा बाग – सुबह 7:30 बजे
चांदमारी मस्जिद, दरोगा बाग – सुबह 6:30 बजे
मदीना मस्जिद, अनवार नगर – सुबह 7:00 बजे
शाही मस्जिद, तालिब सराय – सुबह 7:15 बजे
मुहम्मदिया मस्जिद, एबी नगर – सुबह 7:30 बजे
नूरी मस्जिद, कासिम नगर – सुबह 7:00 बजे
नूरी मस्जिद, जवाहर नगर – सुबह 6:15 बजे
ईदगाह औरास – सुबह 6:30 बजे
शेख शहजादा मस्जिद, दरोगा बाग – सुबह 6:00 बजे
नूरानी मस्जिद, मोती नगर – सुबह 6:30 बजे
भाटी वाली मस्जिद, पुरानी बाजार – सुबह 6:30 बजे
मस्जिद उमर फारूक, कहारों का अड्डा – सुबह 6:30 बजे
रज़ा मस्जिद, फतेहउल्लाह नगर – सुबह 7:30 बजे
हुजूर ताजशरिया मस्जिद, दरोगा बाग – सुबह 7:10 बजे
काजी बुद्दन शाह, स्टेशन रोड – सुबह 7:30 बजे
मस्जिद काजी बुद्दन शाह, ज़ेधुस – सुबह 5:40 बजे
कांजी वाली मस्जिद, उन्नाव – सुबह 7:15 बजे
मस्जिद ए अरफिया, दरोगा बाग – सुबह 6:30 बजे
मिर्जा मस्जिद, उन्नाव – सुबह 7:15 बजे
अताउल्लाह मस्जिद, सदर बाजार – सुबह 6:00 बजे
नूरानी जन्नतुल मस्जिद, बंधोहार – सुबह 7:15 बजे
शाही मस्जिद, सिकंदरपुर सरोसी – सुबह 7:30 बजे
मदरसा दारुल कुरान, उम्मेदों का शहर – सुबह 6:15 बजे
जन्नतुल मस्जिद, उन्नाव – सुबह 7:15 बजे
अवसा मस्जिद, तालिब सराय – सुबह 6:00 बजे
पालीखेड़ा मस्जिद, पालीखेड़ा – सुबह 6:15 बजे
एक मीनारी मस्जिद, दादामियां चौराहा – सुबह 6:00 बजे
नूरानी मस्जिद, नुरदी नगर – सुबह 7:00 बजे
मस्जिद ए अक्सा, काशीराम कॉलोनी – सुबह 6:00 बजे
ईदगाह थाना, उन्नाव – सुबह 8:00 बजे
सब्जी मंडी मस्जिद, उन्नाव – सुबह 7:30 बजे
मस्जिद उस्मानिया, चटाई मोहल्ला – सुबह 6:00 बजे
जन्नतुल बका मस्जिद, उन्नाव – सुबह 7:15 बजे
शाही जामा मस्जिद, बलाय किला – सुबह 7:00 बजे
ऊंटसार मस्जिद – सुबह 7:00 बजे
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन