Fri 19 Jun 2026

ब्रेकिंग

मेयर विनोद अग्रवाल रहे विशिष्ट अतिथि PM मोदी का मिला वर्चुअल मार्गदर्शन, युवाओं से कौशल और परिश्रम से राष्ट्र निर्माण

ससुराल जाते समय हादसे का शिकार हुआ अधेड़

एंटी करप्शन टीम द्वारा कैंटीन में जाल बिछाकर गिरफ्तार करने से क्षेत्र में फैली सनसनी

साधु हत्याकांड के आरोपी के एनकाउंटर की होगी पड़ताल

570 करोड़ की 101 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

पुरानी रंजिश में मासूम की हत्या : छह माह के बच्चे का गला घोंटकर रची गई साजिश

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Tue, Mar 10, 2026
Post views : 384

हत्या का आरोप लगाकर सलमान को फंसाने की कोशिश; आरोपी फरार, दो अन्य हमलावर जेल भेजे गए

उन्नाव। नवीन मंडी के पास डेरे में रहने वाले झांसी के एक परिवार के छह माह के मासूम की मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। पहले इस घटना को नशे में हुई मारपीट के दौरान बच्चे के दबने से मौत बताया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद परिवार के ही एक सदस्य पर हत्या का आरोप लग गया है। पुलिस ने मारपीट के मामले में दो आरोपियों को जेल भेज दिया है, जबकि बच्चे की हत्या के आरोपी की तलाश जारी है।

नशे में पहुंचे युवक, डेरे में घुसकर की मारपीट

झांसी जिले के गुरसरांय क्षेत्र के डुंडी गांव निवासी राघवेंद्र अपने परिवार के साथ लखनऊ-कानपुर हाईवे के किनारे मोहल्ला पहलीखेड़ा में नवीन मंडी के पास डेरा डालकर रह रहे हैं। राघवेंद्र के मुताबिक शुक्रवार रात करीब दो युवक डेरे पर पहुंचे। इनमें पहलीखेड़ा निवासी आमिर उर्फ लड्डू और किला मोहल्ला निवासी सलमान शामिल थे। दोनों कथित रूप से नशे में थे और आते ही डेरे का तिरपाल फाड़ दिया। राघवेंद्र ने बताया कि विरोध करने पर दोनों युवक डेरे के अंदर घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उस समय राघवेंद्र की साली मैयना भी अपने छह माह के बेटे कार्तिक के साथ वहां आई हुई थी।

लात लगने से गोद से गिरा था बच्चा, बिगड़ी हालत

परिजनों का आरोप था कि मारपीट के दौरान आमिर उर्फ लड्डू ने मैयना को लात मार दी, जिससे उसकी गोद में बैठा बच्चा जमीन पर गिर गया। हंगामे के बीच बच्चे के ऊपर पैर पड़ने से उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि अस्पताल में भर्ती कराते समय परिजनों ने बच्चे को डायरिया होने की बात बताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में बच्चे की मौत गला दबाने से होना सामने आया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की दिशा बदल गई। पुलिस ने पहले राघवेंद्र की तहरीर पर आमिर उर्फ लड्डू और सलमान के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। बाद में मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाकर दोनों आरोपियों को सोमवार को जेल भेज दिया गया। इसी बीच सोमवार देर शाम बच्चे की मां मैयना ने नया आरोप लगाते हुए अपने जीजा राघवेंद्र के छोटे भाई नौलख के खिलाफ बच्चे का गला दबाकर हत्या करने की तहरीर दी। मैयना का कहना है कि उसने और परिवार के कुछ अन्य लोगों ने नौलख को बच्चे का गला दबाते देखा था।

दुश्मनी में बच्चे को बनाया निशाना

पुलिस जांच में सामने आया है कि नौलख की सलमान से पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस का अनुमान है कि इसी खुन्नस में उसने बच्चे की हत्या कर दी और शक मारपीट करने आए युवकों पर डालने की कोशिश की।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस

सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा के मुताबिक, महिला की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नौलख घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई साफ हो सकेगी। फिलहाल मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में भी घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन