पारिवारिक तनाव से टूटा बुजुर्ग : कमरे में फंदे पर लटका मिला शव
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, May 24, 2026
मौके से मिला सुसाइड नोट; बहू और उसके मायके पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप
उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बुजुर्ग की आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गंगानगर पानी रोड इलाके में रहने वाले 60 वर्षीय राम नरेश मिश्रा का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। शुरुआती जांच में मामला घरेलू कलह और मानसिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। परिवार के मुताबिक राम नरेश मिश्रा कुछ समय पहले तक कानपुर में प्राइवेट नौकरी करते थे। करीब आठ दिन पहले ही वह नौकरी छोड़कर घर लौटे थे। रविवार सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। राम नरेश का शव साड़ी के फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार ने मृतक के बेटे राहुल मिश्रा की पत्नी रिया शुक्ला और उसके मायके पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि करीब तीन साल पहले राहुल की शादी के बाद से ही घर में विवाद शुरू हो गया था। पिछले दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े होते थे, जिससे पूरा परिवार तनाव में रहने लगा था। परिवार का आरोप है कि बहू रिया शुक्ला बेटे राहुल को माता-पिता से अलग कर अपने साथ रखना चाहती थी। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। परिजनों ने यह भी दावा किया कि बीते 10 मई को बहू के मायके पक्ष के करीब 20 से 25 लोग घर पहुंचे थे और परिवार को धमकाया था। आरोप है कि इस घटना के बाद से राम नरेश मिश्रा काफी परेशान और मानसिक रूप से टूट चुके थे। पुलिस को घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट अब जांच का अहम आधार माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी नोट की सामग्री सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल है। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक राम नरेश शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन पिछले कुछ समय से वह काफी गुमसुम रहने लगे थे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन