जीएसटी अधिकारी ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर दी जान : कमरे में मिला शव
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Jun 11, 2026
वाराणसी में थे तैनात, मोबाइल और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
उन्नाव। शहर के रामपुरी मोहल्ले में गुरुवार शाम वाराणसी में तैनात जीएसटी विभाग के एक अधिकारी का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। औरैया जिले के बिधूना थाना क्षेत्र के सरेंडी गांव निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह (35) वाराणसी में जीएसटी विभाग में कॉमर्शियल टैक्स अधिकारी के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार, वह अक्सर विभागीय और निजी कार्यों से उन्नाव आने पर सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले में स्थित एक किराए के कमरे में ठहरते थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम कमरे के अंदर उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मौके से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। राघवेंद्र के पिता सियाराम शाक्य राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) उन्नाव में कॉमर्स के शिक्षक रहे हैं। नौकरी के दौरान वह रामपुरी स्थित इसी मकान में किराए पर रहते थे। 31 मार्च 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद भी परिवार का मकान से संपर्क बना हुआ था, जिसके चलते राघवेंद्र यहां रुकते थे। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। कुछ लोगों ने किसी युवती से बातचीत के बाद घटना होने की बात कही, जबकि कुछ लोगों ने वीडियो कॉल के माध्यम से घटना की जानकारी परिवार तक पहुंचने की चर्चा की। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी भी बात की पुष्टि नहीं की है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन