सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस पर फिसले विभाग : डीएम ने अफसरों को लगाई कड़ी फटकार
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, May 20, 2026
बोले, रैंकिंग सुधारें वरना तय होगी जिम्मेदारी, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उन्नाव। विकास कार्यों और जनशिकायतों के निस्तारण में पिछड़ रहे विभागों पर अब प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस पोर्टल पर विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कई विभागों के खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले पोर्टलों पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खराब रैंकिंग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी। बैठक के दौरान ग्रामीण जलापूर्ति, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायती राज, लोक निर्माण, नियोजन, पर्यटन और लोक शिकायत जैसे विभागों की रैंकिंग अपेक्षा के अनुरूप न मिलने पर डीएम ने अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड केवल आंकड़ों का मंच नहीं, बल्कि सरकार की योजनाओं और कामकाज का सीधा मूल्यांकन है। ऐसे में हर विभाग को अपनी प्रगति पर लगातार नजर रखनी होगी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन पोर्टल पर अपलोड हो रहे डेटा की स्वयं निगरानी करें और किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक लापरवाही न होने दें। उन्होंने लॉगिन आईडी और पासवर्ड की सुरक्षा को भी गंभीर विषय बताते हुए कहा कि किसी अन्य व्यक्ति के भरोसे काम छोड़ने की प्रवृत्ति बंद करनी होगी। आईजीआरएस की समीक्षा में जिलाधिकारी ने खास तौर पर उन मामलों पर चिंता जताई, जिनमें शिकायतकर्ता ने असंतोषजनक फीडबैक दिया है। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक निस्तारण करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि हर शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि जिले की रैंकिंग गिरना सीधे तौर पर विभागीय जवाबदेही से जुड़ा विषय है। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने सभी विभागों से शासन की मंशा के अनुरूप काम करने और जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन