शहरवासियों को मिली सौगात : सदर विधायक पंकज गुप्ता की पहल से मजबूत हुई बिजली व्यवस्था
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Dec 29, 2025
लो वोल्टेज और कटौती की समस्या से मिलेगी निजात

उन्नाव। शहर की बिजली व्यवस्था को लंबे इंतजार के बाद बड़ी मजबूती मिली है। विद्युत वितरण खंड पीडी उन्नाव के अंतर्गत बिजनेस प्लान 2024-25 के तहत तैयार की गई 33 केवी की नई बिजली लाइनें अब पूरी तरह चालू कर दी गई हैं। 220 केवी पारेषण उपकेंद्र दही चौकी से इन लाइनों को ऊर्जीकृत किया गया, जिससे शहर के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
नई लाइनों के चालू होते ही उन्नाव शहर के करीब 34 हजार उपभोक्ताओं के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया है। अब तक जिन इलाकों में गर्मी के मौसम में वोल्टेज की समस्या और बार-बार बिजली कटौती लोगों के लिए सिरदर्द बनी रहती थी, वहां हालात सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है। पीडी नगर, कासिम नगर, एबी नगर, पीतांबर नगर, हुसैन नगर, मोतीनगर, आईबीपी चौराहा, नरेंद्र नगर, कसाई चौराहा, गदन खेड़ा, आदर्श नगर, निराला नगर और डीएसएन कॉलेज क्षेत्र के उपभोक्ताओं को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सिटी पावर हाउस लाइन करीब 16 किलोमीटर लंबी है, जबकि इब्राहिमबाद लाइन की लंबाई लगभग 12 किलोमीटर रखी गई है। इन दोनों लाइनों के जुड़ने से शहर के लोड का बेहतर तरीके से बंटवारा होगा और ओवरलोडिंग की समस्या में भी कमी आएगी। खासतौर पर गर्मी के दिनों में जब खपत बढ़ जाती है, उस समय यह व्यवस्था काफी कारगर साबित होगी।
इस नई व्यवस्था का लोकार्पण सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के दौरान अधीक्षण अभियंता अमिय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता हिमांशु गौतम, उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता समेत बिजली विभाग का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। लोकार्पण के बाद विधायक ने इब्राहिमबाग स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था का जायजा भी लिया।
विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गर्मी के मौसम में वोल्टेज की कमी और अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जनता की परेशानी को देखते हुए इस बार पहले से ही फीडरों की स्थिति, लाइनों का रूट और आपूर्ति व्यवस्था की पूरी समीक्षा कराई गई। उद्देश्य यही है कि आने वाले समय में लोगों को बिजली को लेकर किसी तरह की दिक्कत का सामना न करने पड़े।
इधर, बिजली विभाग का भी कहना है कि यह परियोजना सिर्फ मौजूदा समस्याओं का समाधान नहीं है, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। नई लाइनों से सिस्टम मजबूत होगा, फॉल्ट की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था आसानी से की जा सकेगी और शहर को स्थिर बिजली सप्लाई मिलती रहेगी। कुल मिलाकर, 33 केवी की नई लाइनों के चालू होने से उन्नाव शहर को बिजली के मोर्चे पर बड़ी राहत मिली है। अब देखना यह होगा कि आने वाली गर्मी में यह नई व्यवस्था जनता की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन