भक्ति में डूबे श्रद्धालु : मां पार्वती के जन्मोत्सव पर शिवमय हुआ गोकुल बाबा मंदिर
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Aug 7, 2026
भजन, पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महायज्ञ में दी गईं आहुतियां

उन्नाव। मगरवारा स्थित श्री गोकुल बाबा मंदिर परिसर में चल रही विशाल श्री शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस का माहौल पूरी तरह भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा। कथा के दौरान जगत जननी मां पार्वती का दिव्य जन्मोत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव की मनमोहक झांकी, मंगलगीत, पुष्पवर्षा और "हर-हर महादेव" व "जय मां पार्वती" के गगनभेदी जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस दिव्य आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्री आदि गुरु वैदिक सेवा सनातन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित कथा में लोकविख्यात शैवाचार्य संत परम पूज्य श्री प्रशांत प्रभु जी महाराज ने मां पार्वती के प्राकट्य का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि आदिशक्ति ने पर्वतराज हिमालय और माता मैना के घर पुत्री के रूप में जन्म लेकर संसार को धर्म, तप, त्याग, शक्ति और अटूट शिवभक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मां पार्वती का जीवन धैर्य, समर्पण और निष्ठा की ऐसी प्रेरणा देता है, जो हर युग में मानव जीवन का मार्गदर्शन करती रहेगी।कथा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन में पूरी श्रद्धा के साथ झूमते नजर आए। जैसे ही मां पार्वती के जन्मोत्सव की झांकी निकली, पूरा पंडाल तालियों और जयघोष से गूंज उठा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भक्ति गीतों पर भाव-विभोर होकर उत्सव में सहभागिता की। वातावरण ऐसा बना कि हर ओर शिव और शक्ति की आराधना का रंग दिखाई देने लगा। इसी क्रम में आयोजित वैभव लक्ष्मी महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ में परिवार की सुख-समृद्धि, मनोकामनाओं की पूर्ति और विश्व शांति एवं लोककल्याण की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठान का पुण्य प्राप्त किया।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा एवं उनके प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा 'भानू' ने कथा व्यास परम पूज्य श्री प्रशांत प्रभु जी महाराज का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मुख्य यजमान वंदना सत्येंद्र सिंह एवं संतोष हरिप्रसाद साहू, कथा यजमान राधा निशीथ निगम (राजू भैया), सोनम धीरज सिंह, प्रिया विक्रम सिंह, कथा अध्यक्ष संजय त्रिपाठी एवं नीलम त्रिपाठी, महामंत्री अजय अवस्थी, संयोजक रंजना मिश्रा (लखनऊ), चंद्र प्रकाश बाजपेई, देवी प्रसाद साहू, डॉ. मनीष सिंह सेंगर, मीडिया प्रभारी श्याम जी गुप्ता, राहुल कश्यप, कल्लू दादा, मनीष सिंह, आयुष सिंह, आचार्य कार्तिकेय, आचार्य सत्यम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

आज होगा शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का वर्णन
आयोजकों के अनुसार श्री शिव महापुराण कथा में शनिवार को भगवान शिव और मां पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण और धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन