सुपरहाउस के कास्ट मैनेजर का शव पेड़ से लटका मिला : घर से मिलने निकले थे, खेत किनारे मिली बाइक
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Jun 11, 2026
रातभर तलाश करते रहे परिजन, पुलिस आत्महत्या और अन्य पहलुओं पर कर रही जांच
उन्नाव। शहर की एक प्रमुख लेदर कंपनी में कार्यरत कास्ट मैनेजर का शव गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। वह बुधवार दोपहर घर से किसी से मिलने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। रातभर परिजन उनकी तलाश करते रहे। अगले दिन सुबह उनका शव शहर से कुछ दूरी पर खेत के किनारे स्थित एक शीशम के पेड़ से गमछे के फंदे के सहारे लटका मिला। घटनास्थल के ठीक नीचे उनकी बाइक भी खड़ी मिली।मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के बेनीगंज नहर पटरी के पार स्थित इलाके का है। मृतक योगेंद्र सिंह (40) मूल रूप से सीतापुर जिले के इमलिया गांव के निवासी थे। वह पिछले कई वर्षों से उन्नाव में रहकर सुपरहाउस ग्रुप की लेदर यूनिट में कास्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। नौकरी के चलते वह पीडी नगर सेक्टर-सी स्थित एलआईजी कॉलोनी में पत्नी और बेटे के साथ रहते थे।
परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब दो बजे योगेंद्र सिंह घर से यह कहकर निकले थे कि उन्हें किसी व्यक्ति से मुलाकात करनी है। इसके बाद उनका मोबाइल भी संपर्क में नहीं आया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर एक शीशम के पेड़ पर पड़ी, जहां एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ था। पास जाकर देखने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराई तो मृतक की पहचान योगेंद्र सिंह के रूप में हुई। पेड़ के नीचे उनकी बाइक खड़ी मिलने से मामला और भी चर्चा का विषय बन गया। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की खबर मिलते ही मृतक की पत्नी और बेटा भी मौके पर पहुंचे। शव देखते ही दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के तहत मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अंतिम संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन