बारिश ने छीनी छत : पंकज गुप्ता ने प्रभावित परिवारों से मिलकर जाना हाल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Sep 27, 2026
गिरे मकानों का भी लिया जायजा, प्रभावित परिवारों को जल्द राहत दिलाने के निर्देश

उन्नाव। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण इलाकों में कई परिवारों की मुश्किल बढ़ा दी है। कहीं कच्चे मकान गिर गए तो कहीं घरों को नुकसान पहुंचा है। बारिश से प्रभावित परिवारों का हाल जानने के लिए रविवार को सदर विधायक पंकज गुप्ता सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के कई गांवों में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर नुकसान की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों से राहत की स्थिति जानी। विधायक ने रऊकरना, कलन्दर खेड़ा, मैनी खेड़ा, सिकंदरपुर, हफिजाबाद, सरोसी, बौनामऊ और उदित खेड़ा में पहुंचकर बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों को देखा। उन्होंने प्रभावित परिवारों से सीधे बात की और पूछा कि बारिश के दौरान उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने मकानों में हुए नुकसान के साथ ही बारिश के कारण सामने आई अन्य समस्याओं की भी जानकारी दी।
नुकसान का आकलन कर दिलाई जाए मदद
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से प्रभावित परिवारों के नुकसान का जल्द आकलन कराया जाए। जिन परिवारों के मकान गिरे या क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें शासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार राहत उपलब्ध कराने में देरी न की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मौके पर स्थिति की जानकारी लेकर जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जाए। विधायक ने कहा कि लगातार बारिश के कारण जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उनके साथ प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। प्रभावित लोगों को सरकारी सहायता के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और पात्र परिवारों को समय से राहत मिल सके, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।

ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
गांवों में पहुंचे विधायक ने केवल क्षतिग्रस्त मकानों का जायजा ही नहीं लिया, बल्कि ग्रामीणों की दूसरी समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने बारिश के कारण पैदा हुई दिक्कतों के बारे में उन्हें बताया। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उन्हें शासन स्तर से मिलने वाली सहायता दिलाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण प्रभावित परिवारों की स्थिति पर नजर रखी जाए और जहां भी तत्काल सहायता की जरूरत हो, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार, क्षेत्रीय लेखपाल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन