मॉकड्रिल : बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने का किया अभ्यास
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Jun 11, 2026
प्रभावितों के लिए राहत शिविर, भोजन और पेयजल व्यवस्था का भी प्रदर्शन
उन्नाव। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को गंगा तट स्थित आनंद घाट पर व्यापक मॉकड्रिल आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड के नेतृत्व में विभिन्न विभागों ने राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल के दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी बाढ़ दल की टीमों ने मोटरबोट व अन्य उपकरणों की मदद से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया। बचाए गए लोगों को मिश्रा कॉलोनी में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचाने और वहां उनकी व्यवस्था का भी प्रदर्शन किया गया। राहत शिविर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग पंजीकरण काउंटर तथा पृथक आवासीय कक्ष बनाए गए थे। कम्युनिटी किचन के माध्यम से भोजन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी दिखाई गई। अभ्यास के तहत नदी में नाव पलटने की काल्पनिक घटना का भी मंचन किया गया। इसमें डूब रहे ग्रामीणों को एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
मॉकड्रिल में राजस्व, पुलिस, सिंचाई, अग्निशमन, चिकित्सा, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, पंचायती राज, जल निगम, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, नागरिक सुरक्षा, एनसीसी, एनएसएस तथा आपदा मित्रों समेत कई विभागों ने भागीदारी की। एडीएम सुशील कुमार गोंड ने कहा कि आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई से जनहानि को कम किया जा सकता है। मॉकड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाना है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन