उन्नाव में अविमुक्तेश्वरानंद प्रकरण पर भड़के अखिलेश यादव : कहा, संतों का सम्मान बचाया जाए
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Feb 25, 2026
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे, लेदर इंडस्ट्री को लेकर मांगा जवाब

उन्नाव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति भाजपा के खिलाफ आवाज उठाता है, उसके खिलाफ प्रशासन के जरिये कार्रवाई कराई जाती है। बुधवार को शहर के कोरटबाग हजीरा मोहल्ले में डॉ. ओमकार सिंह के पिता स्वर्गीय गंगासागर यादव को श्रद्धांजलि देने पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पहले सरकार के वरिष्ठ पदों पर बैठे लोग संतों के सम्मान की बातें करते हैं, लेकिन बाद में उन्हीं के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो जाता है। उनके मुताबिक यह दोहरा रवैया है और इससे सरकार की मंशा साफ दिखती है। उन्होंने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद जैसे संत का सम्मान बचाने के लिए समाज के लोगों को आगे आना चाहिए। उनके अनुसार मामला सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी का भी है।
साक्षी महाराज के बयान पर तंज
मीडिया ने जब सांसद साक्षी महाराज के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर ओबीसी समुदाय विरोध पर उतर आया तो न प्रधानमंत्री बनेगा न मुख्यमंत्री, तो अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर उन्हें ऐसा लगता है तो वे देर किस बात की कर रहे हैं, मैदान में आ जाएं। उन्होंने कहा कि राजनीति में बयान देने से ज्यादा जरूरी है जनता के बीच जाकर संघर्ष करना।
100 विधायक लाओ, मुख्यमंत्री बनवा दूंगा
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक और बयान में कहा कि अगर कोई भी विधायक 100 से 110 विधायकों का समर्थन लेकर आए तो वे अपने गठबंधन दलों को समझाकर उसे मुख्यमंत्री बनवाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने यह बात उपमुख्यमंत्री के संदर्भ में कही और संकेत दिया कि भाजपा के भीतर ही असंतोष है।
गौसेवा और कन्नौज प्लांट का मुद्दा
सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग गौसेवा की बात करते हैं, उन्हीं के शासन में कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट बंद हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को इसका सीधा नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनके मुताबिक किसान आज भी रात-रात भर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं। फसल बचाने की चिंता अलग और लागत बढ़ने का दबाव अलग। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, सिर्फ घोषणाएं काफी नहीं हैं।
स्लॉटर हाउस और हरियाणा का जिक्र
होली के मौके पर भाजपा सांसद और गायक मनोज तिवारी के एक गीत का जिक्र करते हुए उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि राजनीति में तकरार चलती रहती है, लेकिन त्योहार पर मजाक भी चलता है। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि हरियाणा में सबसे ज्यादा स्लॉटर हाउस की मंजूरी क्यों दी गई। उन्होंने कहा कि अगर सरकार सख्त है तो उत्तर प्रदेश में सभी स्लॉटर हाउस बंद करवा दे।
उद्योग और उन्नाव की लेदर इंडस्ट्री
उद्यम और निवेश को लेकर किए जा रहे सरकारी दावों पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्नाव की लेदर इंडस्ट्री को क्या ठोस मदद दी गई, यह सरकार बताए। उनके अनुसार स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा दिए बिना रोजगार के दावे खोखले साबित होंगे। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो कृषि क्षेत्र और किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही स्थानीय उद्योगों को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा ताकि रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान सपा की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व सांसद अन्नू टंडन, जिलाध्यक्ष राजेश यादव, पूर्व एमएलसी सुनील यादव साजन, पूर्व मंत्री सुधीर रावत, प्रदेश प्रवक्ता अंकित सिंह परिहार समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्नाव की इस यात्रा में अखिलेश यादव ने साफ संकेत दिया कि आने वाले समय में सपा आक्रामक रुख अपनाएगी और सरकार को हर मुद्दे पर घेरने की कोशिश करेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन