पुलिस ने शेरे पंजाब होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का किया भंडाफोड़ : एसपी सिटी ने बताया मुख्य आरोपी सहित 10 लोगों को किया गया गिरफ्तार
आलम वारसी
Sun, Mar 22, 2026
मुरादाबाद पुलिस ने बुधबाजार स्थित शेरे पंजाब होटल में चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने होटल में छापा मारकर सरगना राहुल गुप्ता समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 युवतियां भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल गुप्ता के मोबाइल फोन की जांच में कई संदिग्ध नंबर मिले हैं, जो इस रैकेट के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं। पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है और संदिग्ध नंबरों की पड़ताल के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
मुरादाबाद पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर सनसनी फैला दी। कोतवाली क्षेत्र के बुधबाजार स्थित शेरे पंजाब होटल में चल रहे इस गोरखधंधे पर पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर छापा मारते हुए पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और होटल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
यह कार्रवाई एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर, एसपी सिटी कुमार रणविजय के नेतृत्व और सीओ सिटी सुनीता दहिया की निगरानी में अंजाम दी गई। पुलिस टीम ने देर शाम होटल में दबिश दी, जहां अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। कमरों में चल रही संदिग्ध गतिविधियों को देखते ही पुलिस ने मौके से सरगना राहुल गुप्ता समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में दिल्ली की दो युवतियां और गोरखपुर की एक युवती भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और होटल को किराए पर लेकर सुनियोजित तरीके से देह व्यापार का धंधा चला रहा था। सरगना राहुल गुप्ता बाहर से युवतियों को बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था और इसके एवज में मोटी रकम वसूलता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है। एसपी सिटी ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल गुप्ता के मोबाइल फोन की जांच में कई संदिग्ध नंबर मिले हैं, जो इस रैकेट के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं। इन नंबरों के जरिए यह गिरोह अलग-अलग शहरों से संपर्क में था और ग्राहकों की सप्लाई का काम करता था।
पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है। संदिग्ध नंबरों की पड़ताल के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित ग्राहकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसकी जड़ें अन्य जिलों तक भी फैली हो सकती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में पिछले कुछ समय से संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन इस तरह के बड़े सेक्स रैकेट के खुलासे ने सभी को चौंका दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मुरादाबाद में किसी भी कीमत पर इस तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अड्डों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags :
मुरादाबाद।। एसपी सिटी ने बताया मुख्य आरोपी सहित 10 लोगों को किया गया गिरफ्तार
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन