छह दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली : मिर्च झोंककर छीनैती करने वाला बदमाश अभी भी फरार
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Jun 7, 2026
टीमें बनीं, मोबाइल भी मिला, फिर भी लुटेरा पुलिस की पहुंच से दूर

उन्नाव। शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र छोटा चौराहा में दुकानदार से मिर्च पाउडर झोंककर मोबाइल छीनैती वाला बदमाश छह दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वारदात के बाद तीन टीमों का गठन कर जल्द खुलासे का दावा करने वाली पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बता दें कि बीते सोमवार देर शाम करीब पौने नौ बजे मुख्य चौराहे के पास जगन्नाथगंज निवासी दीपचंद्र गुप्ता की बिजली उपकरणों की दुकान पर एक युवक हेलमेट और चेहरे पर मास्क पहने ग्राहक बनकर पहुंचा था। उसने कुछ देर तक सामान्य बातचीत की और मौका मिलते ही दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। दुकानदार जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आरोपी उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो चुका था। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात से व्यापारियों में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीन टीमों का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया था। जांच के दौरान लूटा गया मोबाइल फोन पन्ना लाल पार्क के पास बरामद भी हो गया, लेकिन वारदात को अंजाम देने वाला बदमाश अब तक पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। घटना के बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष अखिलेश अवस्थी ने मौके पर पहुंचकर नाराजगी जताई थी और शहर के प्रमुख बाजार में हुई इस दुस्साहसिक घटना को सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया था। व्यापारियों ने भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन छह दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ नजर आ रही है। व्यापारियों का कहना है कि शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई लूट की घटना का खुलासा न होना चिंता का विषय है। उनका आरोप है कि यदि मुख्य बाजार में भी व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं तो कानून व्यवस्था के दावों का क्या मतलब रह जाता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है तथा जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। हालांकि छह दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई गिरफ्तारी हुई है और न ही पुलिस किसी ठोस नतीजे तक पहुंच सकी है। ऐसे में अब लोगों को पुलिस के दावों से ज्यादा कार्रवाई का इंतजार है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन