बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट : सड़क पर नमाज और प्रतिबंधित पशुओं के कटान पर सख्ती रहेगी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, May 25, 2026
पीस कमेटी बैठक में डीएम-एसएसपी ने दिए निर्देश, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी
उन्नाव। बकरीद त्योहार को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने की, जबकि एसएसपी जयप्रकाश सिंह समेत जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शहर और ग्रामीण इलाकों से आए विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में सबसे ज्यादा जोर त्योहार के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने पर रहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क या सार्वजनिक मार्गों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। सभी लोग केवल तय ईदगाहों और मस्जिदों में ही नमाज पढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने प्रतिबंधित पशुओं के कटान को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी अवैध कटान की सूचना मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करेंगी और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने कहा कि पशु कटान के बाद निकलने वाले अवशेष खुले में नहीं फेंके जाएंगे। उन्हें पूरी तरह ढंककर ही ले जाया जाएगा और तय स्थानों पर गहरे गड्ढों में निस्तारित किया जाएगा, ताकि आसपास गंदगी न फैले और लोगों को परेशानी न हो। बैठक में धार्मिक संवेदनशीलता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में संचालित सभी सूअर बाड़ों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। त्योहार के दौरान सूअरों को खुले में न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाएं प्रभावित न हों। एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने कहा कि बकरीद के दौरान जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त गश्त कराई जाएगी। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार का मकसद खुशियां बांटना है और इसे शांति व भाईचारे के माहौल में मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन