: बरेली में 'आई लव मोहम्मद' प्रदर्शन के आरोपी डॉ. नफीस के 'रज़ा पैलेस' पर चला बुलडोजर
Sat, Oct 4, 2025
बरेली में 'आई लव मोहम्मद' प्रदर्शन के आरोपी डॉ. नफीस के 'रज़ा पैलेस' पर चला बुलडोजर
https://youtu.be/WH85JHEd0dIउत्तर प्रदेश बरेली : उत्तर दरअसल जनपद में 26 सितंबर को 'आई लव मोहम्मद' के पोस्टर लेकर हुए विरोध प्रदर्शन और उसके बाद हुए पथराव की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए IMC (इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नफीस की संपत्ति पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।मौलाना तौकीर रज़ा खान के करीबी माने जाने वाले डॉ. नफीस को हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद, बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने किला थाना क्षेत्र के जखीरा स्थित उनकी और उनके पार्टनर शोएब बेग की बताई जा रही अवैध इमारत 'रज़ा पैलेस' (बारात घर) पर बुलडोजर चला दिया।BDA के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा, "BDA द्वारा रज़ा पैलेस पर बुलडोज़र की कार्रवाई की जा रही है।" अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह ध्वस्तीकरण भवन निर्माण के मानदंडों का उल्लंघन कर अवैध रूप से बनाए गए हिस्सों के खिलाफ किया गया है।SP सिटी मानुष पारीक ने मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच कहा, "विकास प्राधिकरण नियमानुसार समय-समय पर कार्रवाई करता है। सुरक्षा और शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन यहां पुलिस बल तैनात किया गया है। यह कार्रवाई पूरी तरह से स्वतंत्र है और विकास प्राधिकरण द्वारा की जा रही है।"प्रशासन की इस कार्रवाई को 26 सितंबर की हिंसा में शामिल उपद्रवियों और उनके सहयोगियों पर आर्थिक प्रहार की नीति के रूप में देखा जा रहा है। इलाके में किसी भी तरह के तनाव से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात है। पुलिस हिंसा के अन्य आरोपियों की भी धर-पकड़ जारी रखे हुए है!
: अमन-चैन के लिए स्थगित हुआ जुलूस-ए-गौसे-आज़म
Fri, Oct 3, 2025
शहर काज़ी का बड़ा फैसला, भाईचारे को दी प्राथमिकता
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। 11वीं शरीफ पर निकलने वाला जुलूस-ए-गौसे-आज़म (जुलूस-ए-गौसिया) इस साल उन्नाव में आयोजित नहीं होगा। शहर काज़ी मौलाना नईम अहमद मिस्बाही ने हाल ही में बरेली के हालात को देखते हुए यह अहम फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अमन-चैन और भाईचारे से बढ़कर कोई चीज नहीं है, इसलिए इस बार जुलूस को मुल्तवी (स्थगित) करने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को सुन्नी तंजीम अइम्मा-ए-मसाजिद और रूयत-ए-हिलाल कमेटी की संयुक्त बैठक जामा मस्जिद परिसर में हुई। बैठक में मौलाना इरफान खान बिराखी, मौलाना असलम मदनी, मौलाना शुऐब खान बिराखी, हाफिज बनवारी हसन, मौलाना मुशर्रफ हुसैन अज़ीमी समेत कई उलेमा और जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।
बैठक में शहर के जनप्रतिनिधि और सम्मानित लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभासद मेराजउद्दीन अहमद, सभासद आराफात बेग, सभासद फहाद सिद्दीकी, सभासद दिलशाद समेत अन्य गणमान्य शख्सियतों ने भी विचार-विमर्श में हिस्सा लिया।
उलेमा का संदेश
शहर काज़ी ने कहा कि 11वीं सब्र और आस्था का महीना है। जुलूस और मजलिसों में भाईचारा और अनुशासन बनाए रखना सबसे जरूरी है। उन्होंने साफ कहा कि अमन और सौहार्द हमारी पहली प्राथमिकता है। इसलिए इंशाअल्लाह, अगले साल यह जुलूस अपने पारंपरिक अंदाज और शानो-शौकत के साथ निकलेगा।
मौलाना असलम मदनी की अपील
गरीब नवाज़ फाउंडेशन के अध्यक्ष मौलाना असलम मदनी ने कहा कि मौजूदा हालात में शांति बनाए रखना सबसे जरूरी है। इस्लाम हमेशा सब्र और भाईचारे का पैग़ाम देता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और सामाजिक सौहार्द कायम रखने में सहयोग करें।
सपा नेता नियाज़ खान का बयान
सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष नियाज़ खान ने कहा कि जुलूस का न निकलना भले ही थोड़ा दुखद लगे, लेकिन अमन और भाईचारे से बढ़कर कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि उलेमा और जिम्मेदार लोगों ने जो फैसला लिया है, वह पूरी तरह समाज की भलाई के लिए है और हम सबको इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने नौजवानों से अपील की कि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे का संदेश आगे बढ़ाएं और हर हाल में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
शांति और भाईचारे पर दिया जोर
बैठक मे उलेमाओं नें कहा कि ग्यारहवीं शरीफ़ के मौके पर घर-घर फातिहा ख्वानी और दुआओं का सिलसिला जारी रहेगा। उलेमा ने युवाओं से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और अमन, शांति और भाईचारे का पैग़ाम फैलाने में आगे आएं।
: तेज रफ्तार कार ने छीनी मासूम की जिंदगी, अस्पताल में मचा हंगामा
Fri, Oct 3, 2025
जिला अस्पताल पहुंचे सीओ सिटी और एसडीएम, परिजनों को दिलाया कार्रवाई का भरोसा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के चौसन्धा गांव में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के आंगन में खेल रही मासूम बच्ची की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों के आंसू और गुस्से से अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
गांव निवासी प्रेमशंकर की डेढ़ साल की नातिन चाहत दोपहर में घर के बाहर खेल रही थी। तभी तेज रफ्तार इको स्पोर्ट कार अचानक बेकाबू होकर बच्ची से जा टकराई। जोरदार टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घबराए परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार शुरू होते ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गम और गुस्से से भरे परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और आरोपी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक यादव और एसडीएम क्षितिज द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई और भरोसा दिया कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अचलगंज पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान गदोखा गांव निवासी अनुज पुत्र अनिल के रूप में की है। सीओ सिटी दीपक यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।