बार एसोसिएशन उन्नाव में गबन का आरोप : पूर्व अध्यक्ष–महामंत्री समेत पांच पर एफआईआर
Tue, Dec 16, 2025
76 लाख से अधिक के अंतर का दावा, पुलिस जांच में जुटी
उन्नाव। बार एसोसिएशन उन्नाव में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। एसोसिएशन के वर्तमान अध्यक्ष गिरीश कुमार मिश्रा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पूर्व अध्यक्ष, पूर्व महामंत्री सहित पांच नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ 76 लाख 22 हजार रुपये के गबन की प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में शामिल दोनों पूर्व पदाधिकारियों को इससे पहले ही एसोसिएशन की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त किया जा चुका है। बताया गया कि फरवरी 2025 में अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद गिरीश कुमार मिश्रा ने एसोसिएशन की वित्तीय स्थिति की समीक्षा शुरू कराई। इसी क्रम में कार्यालय लिपिक प्रताप शंकर रावत के माध्यम से पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला और पूर्व महामंत्री अरविंद कुमार दीक्षित को पत्र भेजकर कलक्ट्रेट परिसर स्थित भगवान परशुराम अधिवक्ता भवन, राजा रावराम बक्स सिंह अधिवक्ता भवन और आचार्य विष्णु गुप्त चाणक्य अधिवक्ता भवन के निर्माण से जुड़े आय-व्यय का पूरा ब्योरा मांगा गया।अध्यक्ष का आरोप है कि पूर्व अध्यक्ष और महामंत्री के मौखिक निर्देश पर भवन आवंटित अधिवक्ताओं से कुल एक करोड़ 21 लाख 26 हजार 500 रुपये जमा कराए गए थे, जिनकी रसीदें भी दी गईं। बाद में इन रसीदों और मूल बिलों को मिलान के नाम पर पूर्व पदाधिकारियों द्वारा अपने पास रख लिया गया, लेकिन निर्धारित समय पर मूल अभिलेख वापस नहीं किए गए।
एल्डर कमेटी की जांच में खुलासा
अध्यक्ष गिरिश कुमार मिश्र ने पुलिस को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एल्डर कमेटी के सदस्य विजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की गई। समिति ने 23 सितंबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला और पूर्व महामंत्री अरविंद कुमार दीक्षित को आय-व्यय की मूल प्रतियां उपलब्ध न कराने और 76.22 लाख रुपये के गबन का दोषी पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर दोनों पूर्व पदाधिकारियों को एक माह के भीतर कथित गबन की राशि बार एसोसिएशन के खाते में जमा करने का आदेश दिया गया, लेकिन तय अवधि में धनराशि जमा नहीं की गई।
कूटरचित बिलों की भी शिकायत
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूर्व अध्यक्ष और महामंत्री ने जगत ट्रेडर्स, कब्बाखेड़ा के प्रोप्राइटर, सुमित ब्रिक फील्ड करोवन के प्रोप्राइटर और कार्यालय के तत्कालीन कर्मचारी विजय प्रताप सिंह की मिलीभगत से मूल बिलों के स्थान पर कूटरचित बिलों की फोटो प्रतियां प्रस्तुत कीं। इसी आधार पर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पूर्व अध्यक्ष सतीश शुक्ला, पूर्व महामंत्री अरविंद दीक्षित, जगत ट्रेडर्स और सुमित ब्रिक फील्ड के प्रोप्राइटर तथा हसनगंज थाना क्षेत्र के अमोइया निवासी विजय प्रताप सिंह के खिलाफ गबन सहित अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस का बयान
कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व अध्यक्ष ने आरोपों को बताया राजनीति से प्रेरित
वहीं, मामले में नामजद पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि बार काउंसिल चुनाव के समय उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। उनका दावा है कि निष्पक्ष जांच में सभी आरोप गलत साबित होंगे और उन्होंने किसी भी प्रकार का गबन नहीं किया है। फिलहाल, उन्नाव बार एसोसिएशन से जुड़े इस प्रकरण ने अधिवक्ता समाज में हलचल मचा दी है और अब सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।
वारंटियों पर शिकंजा : कोतवाली सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Mon, Dec 15, 2025
एसपी के निर्देश पर चली मुहिम, चार फरार अभियुक्त गिरफ्तार, कोर्ट में पेश
उन्नाव। जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कोतवाली सदर पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामसजीवन और प्रदीप निवासी नुरूद्दीन नगर शामिल हैं, जबकि पवन शर्मा और श्यामलाल शेषपुर नरी क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। चारों अभियुक्त अलग अलग मामलों में वांछित थे और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कोतवाली सदर के प्रभारी निरीक्षक चन्द्र कान्त मिश्र ने किया। उनके साथ किला चौकी प्रभारी उग्रसेन सिंह, उप निरीक्षक करूणा शंकर श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल रामदेव प्रजापति तथा आरक्षी अमित चौधरी शामिल रहे।
पुलिस टीम ने पहले अभियुक्तों की गतिविधियों पर नजर रखी, इसके बाद सटीक सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। सुनियोजित कार्रवाई के दौरान सभी अभियुक्तों को सुरक्षित हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में शहर कोतवाल चन्द्र कान्त मिश्र ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। फरार अभियुक्तों के खिलाफ लगातार दबिश दी जा रही है। आगे भी ऐसे सभी लोगों पर कार्रवाई जारी रहेगी जो कानून से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ साथ न्यायालयीय आदेशों का सख्ती से पालन कराना है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर चारों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने भी स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी। इस कार्रवाई से शहर में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।
विकास को मिली रफ्तार : दो वार्डों में नई सड़कें और नालियां जनता को समर्पित
Mon, Dec 15, 2025
वार्ड 30 और वार्ड 08 में सड़क व नाली निर्माण से बढ़ी सुविधा
उन्नाव। नगर पालिका परिषद् क्षेत्र में सोमवार को विकास कार्यों की एक और कड़ी जुड़ गई। नगर पालिका परिषद् की अध्यक्षा श्वेता भानू मिश्रा ने वार्ड संख्या 30 गदियाना और वार्ड संख्या 08 बाबूगंज में नवनिर्मित इंटरलॉकिंग सड़कों और नाली निर्माण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर दोनों वार्डों के स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
वार्ड नम्बर 30 नगरपालिका कार्यालय से शीशमहल गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले एकल मार्ग में लंबे समय से सड़क की खराब हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव से आवागमन लगभग ठप हो जाता था। नई इंटरलॉकिंग सड़क बनने से अब मोहल्ले के लोगों को राहत मिली है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल आवाजाही आसान होगी, बल्कि मोहल्ले की तस्वीर भी बदलेगी।
वहीं वार्ड संख्या 08 बाबूगंज में एकांतेश्वर महादेव मंदिर तक बनाई गई सड़क का विशेष महत्व है। यह मार्ग श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी बेहद जरूरी था। सड़क के साथ नाली निर्माण होने से जल निकासी की समस्या दूर होगी और बरसात में होने वाला जलभराव अब अतीत की बात बन सकेगा। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर के हर वार्ड में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, साफ-सफाई और जल निकासी जैसे कार्य सीधे आम आदमी के जीवन से जुड़े होते हैं, इसलिए इन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में नगर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के विकास कार्य कराए जाएंगे।
नगर पालिका परिषद् की अध्यक्षा श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क और नाली जैसे विकास कार्य आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरत से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए इन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि गदियाना और बाबूगंज में कराए गए कार्यों से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव जैसी पुरानी समस्याओं से राहत मिलेगी। नगर को साफ, सुव्यवस्थित और रहने योग्य बनाना नगर पालिका का लक्ष्य है और आने वाले समय में अन्य वार्डों में भी इसी क्रम में विकास कार्य कराए जाएंगे। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और रखरखाव में नगर पालिका का सहयोग करें, ताकि विकास का लाभ लंबे समय तक सभी को मिलता रहे।
इस मौके पर गदियाना के सभासद मेराजुद्दीन, बाबूगंज के सभासद रवि कुमार, अमित सिंह चौहान, सहित रानू, वसीम, मुन्ना, इकबाल, नियाज़, शैलेन्द्र, विकास गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नगर पालिका के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि शहर में विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।