बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट : सभी पोल्ट्री फार्मों की होगी जांच
Tue, Jan 27, 2026
सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक, कंट्रोल रूम और रैपिड रिस्पांस टीम के निर्देश
उन्नाव। जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एहतियाती कदमों के तहत मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृतिराज की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में साफ कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति का इंतजार किए बिना सभी विभाग अभी से पूरी तैयारी रखें।सीडीओ ने बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में संचालित सभी 161 पोल्ट्री फार्मों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कहीं साफ-सफाई और जैव सुरक्षा मानकों में लापरवाही न हो। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिले में बर्ड फ्लू का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार तैनाती की जाएगी और तय चेकलिस्ट के आधार पर नियमित निगरानी होगी। संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में पत्र भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं। बैठक में कंट्रोल रूम के गठन और उसके प्रभावी संचालन पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही रैपिड रिस्पांस टीम के गठन, बर्ड फ्लू से निपटने के लिए जरूरी दवाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वन विभाग को झीलों और तालाबों को चिन्हित कर वहां आने वाले प्रवासी पक्षियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। किसी भी स्थान पर पक्षियों की असामान्य मौत की सूचना मिलने पर तत्काल पशुपालन विभाग को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने बर्ड फ्लू को लेकर आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया। पंचायती राज, सिंचाई, वन, चिकित्सा, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर पर कार्य योजना तैयार कर गंभीरता से अमल करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का कहना है कि सतर्कता और समय पर की गई तैयारी ही किसी भी संभावित खतरे से निपटने का सबसे प्रभावी तरीका है।
चलती कार में लगी आग : सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, समय रहते बाहर निकला चालक
Tue, Jan 27, 2026
कानपुर–उन्नाव मार्ग पर सिंगरोसी मोड़ के पास घटना
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में कानपुर–उन्नाव मार्ग पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सिंगरोसी मोड़ के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। वीरेंद्र स्वरूप स्कूल के सामने हुई इस घटना में कुछ ही पलों में कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगीं। चालक की समझदारी और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। कानपुर से उन्नाव की ओर आ रही कार जैसे ही सिंगरोसी मोड़ के पास पहुंची, तभी कार के अगले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और बिना देर किए बाहर निकल गया। कार से उतरते ही आग तेजी से फैलने लगी। घटना देख आसपास के दुकानदार, राहगीर और अन्य वाहन चालक मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बाल्टियों में पानी भरकर और उपलब्ध छोटे अग्निशमन साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो कार पूरी तरह जल सकती थी और सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंच सकता था। घटना के चलते कुछ समय के लिए कानपुर–उन्नाव मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकलवाया। आग बुझने के बाद जली हुई कार को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन चलती कार में लगी आग ने एक बार फिर वाहन चालकों को सतर्क रहने की सीख दे दी।
गणतंत्र दिवस पर शिक्षा की अलख : बच्चों के हाथ में किताबें और सपनों को नई दिशा
Tue, Jan 27, 2026
आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने की पहल, बांटी गई कॉपी-किताबें
उन्नाव। गणतंत्र दिवस के मौके पर सिर्फ झंडारोहण और भाषण तक कार्यक्रम सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा को केंद्र में रखकर एक सार्थक पहल भी देखने को मिली। बिछिया ब्लॉक के मैता गांव में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों को पठन-पाठन सामग्री बांटी गई और उन्हें पढ़ाई के महत्व का संदेश दिया गया। किताब, कॉपी और पेन हाथ में आते ही बच्चों के चेहरों पर जो खुशी दिखी, वही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।सोमवार को गांव में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में पठन-पाठन सामग्री वितरण और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 300 से अधिक बच्चों को कॉपी, किताबें, पेन, पेंसिल, रबर, कटर समेत रोजमर्रा की शैक्षिक सामग्री दी गई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई से जोड़ना और यह भरोसा देना था कि संसाधनों की कमी उनके सपनों की राह में बाधा नहीं बनेगी।कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार और शिक्षक लल्लू राम सिंह ने बच्चों से सीधी और सरल भाषा में संवाद किया। उन्होंने अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी यूं ही नहीं मिली है, इसके पीछे हजारों बलिदान छिपे हैं। उन्होंने बच्चों को समझाया कि जैसे स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए संघर्ष किया, वैसे ही आज की पीढ़ी का सबसे बड़ा दायित्व शिक्षा के जरिए देश को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि किताबें और कलम ही बच्चों का सबसे सशक्त हथियार हैं। इस दौरान बच्चों को गणतंत्र दिवस के मायने भी बताए गए। संविधान, लोकतंत्र और नागरिक जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए उन्हें यह समझाया गया कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही जरूरी है। बच्चों ने मन लगाकर पढ़ाई करने और अच्छा नागरिक बनने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के आयोजकों का कहना था कि ऐसे छोटे प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे ले जाने का सबसे मजबूत माध्यम है और इसी सोच के साथ यह आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजक सुरेश राजपूत, धर्मेंद्र लोधी, कमलेश राजपूत, शिव लाल, नरपति सिंह लोधी, कौशल राजपूत समेत कई ग्रामीण और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों और ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों को लगातार करने की जरूरत पर जोर दिया।