भीड़ बढ़ी तो अफसरों की कुर्सी गई : रक्षाबंधन महोत्सव में लापरवाही पर डबल एक्शन
Fri, Sep 4, 2026
एसडीएम के बाद थानाध्यक्ष हटे, आयोजकों की जवाबदेही पर उठे सवाल
उन्नाव। बीघापुर के मानपुर मोड़ पर रक्षाबंधन महोत्सव में उमड़ी बेतहाशा भीड़ और बिगड़ी व्यवस्था का असर अब पुलिस महकमे पर भी पड़ा है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद एसपी जयप्रकाश सिंह ने बीघापुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह उन्नाव डायल 112 प्रभारी इंस्पेक्टर अश्वनी मिश्रा को बीघापुर कोतवाली की कमान सौंपी गई है। महोत्सव के दौरान अनुमति की तय सीमा से कई गुना ज्यादा भीड़ पहुंचने, यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी जैसे हालात बनने के बाद जिम्मेदारी तय करने का सिलसिला शुरू हुआ था। पहले प्रशासनिक अधिकारी पर कार्रवाई हुई और अब पुलिस अधिकारी पर गाज गिरने से साफ है कि मामले में दोनों स्तरों पर जवाबदेही तय की जा रही है।
पहले एसडीएम हटे, अब थानेदार पर कार्रवाई
कार्यक्रम में अव्यवस्था के बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बीघापुर के तत्कालीन एसडीएम आनंद कुमार नायक को पद से हटा दिया था। उन्हें एसडीएम न्यायिक बांगरमऊ के पद पर भेजा गया। उनकी जगह धर्मेंद्र कुमार सिंह को बीघापुर का नया एसडीएम बनाया गया। अब पुलिस विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए बीघापुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह इंस्पेक्टर अश्वनी मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है। वह इससे पहले उन्नाव में डायल 112 के प्रभारी थे।
15 हजार की अनुमति, पहुंच गई कई गुना भीड़
पुष्प फाउंडेशन की ओर से रविवार को मानपुर मोड़ पर रक्षाबंधन महोत्सव आयोजित किया गया था। प्रशासन की अनुमति में अधिकतम 15 हजार महिलाओं के शामिल होने की शर्त थी। कार्यक्रम सुबह करीब नौ बजे शुरू हुआ। आसपास के ग्रामीण इलाकों से महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ तो कुछ ही समय में भीड़ तेजी से बढ़ने लगी। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित संख्या से कई गुना अधिक लोग पहुंच गए। भीड़ का दबाव कार्यक्रम स्थल से निकलकर आसपास के रास्तों और हाईवे तक पहुंच गया।
हाईवे पर थमे वाहन, आयोजन स्थल पर बढ़ी बेचैनी
बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के पहुंचने से मानपुर मोड़ के आसपास यातायात प्रभावित हुआ। कई जगह वाहनों की कतार लग गई। दूसरी ओर कार्यक्रम स्थल पर लगातार बढ़ रही भीड़ के कारण लोगों को संभालना मुश्किल होने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने की अपील की। हालात को देखते हुए कार्यक्रम आयोजकों ने भी मंच से महिलाओं से संयम बरतने और धीरे-धीरे अपने घर लौटने का आग्रह किया।
अपील के बाद कम हुई भीड़
पुलिस-प्रशासन की समझाइश और आयोजकों की अपील के बाद महिलाओं के लौटने का सिलसिला शुरू हुआ। धीरे-धीरे कार्यक्रम स्थल खाली होने लगा और यातायात व्यवस्था भी सामान्य हो गई। हालांकि, आयोजन के दौरान बने हालात ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए। इसी के बाद प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई आगे बढ़ी।
अफसरों पर कार्रवाई, आयोजक बेदाग?
रक्षाबंधन महोत्सव में अव्यवस्था के बाद प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर कार्रवाई हो गई। एसडीएम को पद से हटाया गया तो थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया। लेकिन जिस आयोजन में 15 हजार की अनुमति के बावजूद कई गुना भीड़ पहुंची, उस आयोजन के जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। आखिर अनुमति की शर्तों का पालन कराने और संभावित भीड़ के हिसाब से इंतजाम करने की जिम्मेदारी किसकी थी? अफसरों पर कार्रवाई के बाद क्या आयोजकों की भूमिका की भी जांच होगी? फिलहाल आयोजकों के खिलाफ किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
आयोजक बोले, सामाजिक सौहार्द के लिए था कार्यक्रम
आयोजकों के अनुसार रक्षाबंधन महोत्सव का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द और सर्वधर्म समभाव का संदेश देना था। भीड़ बढ़ने के बाद स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मंच से महिलाओं से शांति बनाए रखने और घर लौटने की अपील की गई थी।
अब नए अधिकारियों के सामने चुनौती
बीघापुर में एसडीएम और थानाध्यक्ष दोनों की जिम्मेदारी बदले जाने के बाद अब नए अधिकारियों के सामने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के साथ बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को मजबूत करने की चुनौती है। इस कार्रवाई के बाद आने वाले बड़े आयोजनों में अनुमति की शर्तों और सुरक्षा इंतजामों की निगरानी पर भी खास नजर रहने की उम्मीद है।
कृष्ण भक्ति में दिखा सौहार्द का रंग : आईबीपी चौराहा पर दिखा भाईचारे की खुशबू
Thu, Sep 3, 2026
मुस्लिम समाज ने फूलों से किया शोभायात्रा का स्वागत, झांकी पर बरसाए फूल
उन्नाव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शहर में निकली शोभायात्रा जब आईबीपी चौराहे पहुंची तो माहौल भक्ति के साथ भाईचारे के रंग में भी रंग गया। यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने आगे बढ़कर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई और भगवान श्रीकृष्ण की झांकी का अभिनंदन किया गया।शोभायात्रा के आईबीपी चौराहे पहुंचते ही समाजसेवी असीम अली "शानदार" के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने स्वागत की कमान संभाली। फूलों की बारिश के बीच भगवान श्रीकृष्ण की झांकी का स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों समुदायों के लोगों के बीच आपसी मेलजोल और सौहार्द का माहौल नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं। स्वागत कार्यक्रम में परवेज अहमद ‘शानू’, आरिफ-उल-हक ‘शीबू’, गुड्डू, मोहम्मद जहीर, जकी समेत बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के युवक मौजूद रहे। युवाओं ने उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया और झांकी पर पुष्पवर्षा की।
भक्ति के बीच भाईचारे का संदेश
शोभायात्रा में ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे गूंज रहे थे, वहीं दूसरी ओर स्वागत कर रहे लोगों के बीच आपसी मेलजोल का माहौल नजर आया। कुछ देर के लिए आईबीपी चौराहा ऐसा नजर आया, जहां धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश भी साफ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, त्योहार केवल पूजा और धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ऐसे मौके समाज में एक-दूसरे के करीब आने का भी अवसर देते हैं। आईबीपी चौराहे पर हुआ स्वागत इसी भावना की तस्वीर बना।
फूलों से सजा रास्ता, आगे बढ़ती रही यात्रा
स्वागत के बाद शोभायात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ गई। रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन किए। कई जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। जन्माष्टमी के उल्लास के बीच देर तक शहर में धार्मिक उत्साह बना रहा। आईबीपी चौराहे का यह दृश्य खास इसलिए रहा कि यहां कृष्ण भक्ति के बीच आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली।
डंपर ने बिजली का पोल तोड़ा : मकान पर गिरी लाइन
Thu, Sep 3, 2026
टीन क्षतिग्रस्त, विद्युत आपूर्ति बाधित; लापरवाही से वाहन चलाने पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज गति से जा रहे डंपर की टक्कर से बिजली का पोल टूट गया। पोल टूटकर पास के मकान पर जा गिरा। इससे मकान की छत पर पड़ी टीन क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग के अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना सुबह करीब 9:08 बजे की है। बिजली विभाग के अवर अभियंता विष्णु कुमार के अनुसार, अजगैन थाने के पास डंपर संख्या एचआर 58 सी 6171 गुजर रहा था। आरोप है कि चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान डंपर बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर लगते ही पोल टूटकर पास के मकान पर जा गिरा। पोल गिरने से मकान की छत पर लगी टीन टूट गई। अचानक हुए हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
बिजली आपूर्ति हुई बाधित
पोल टूटने के कारण संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग ने क्षतिग्रस्त पोल को बदलने और आपूर्ति बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। अवर अभियंता ने तहरीर में पोल की क्षतिपूर्ति कराए जाने की मांग भी की है।
चालक के खिलाफ मुकदमा
अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर अजगैन पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस डंपर और चालक से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ ही घटना की जांच कर रही है।