आधी रात गूंजा कान्हा का जयकारा : झूम उठा पुलिस लाइन
Sat, Sep 5, 2026
बच्चों की कृष्ण लीलाओं ने बांधा समां, भजन-कीर्तन के बीच हुआ लड्डू गोपाल का अभिषेक
उन्नाव। रात के 12 बजते ही पुलिस लाइन में घंटियां बजने लगीं और चारों तरफ से ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे सुनाई देने लगे। मंदिर में लड्डू गोपाल के जन्म के साथ ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इससे पहले शाम से ही पुलिस लाइन में कृष्ण जन्माष्टमी का रंग जमा हुआ था। पुलिस परिवार के बच्चों और डांस एकेडमी के कलाकारों ने कृष्ण की बाल लीलाओं पर ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि दर्शक तालियां बजाते रह गए। पुलिस लाइन परिसर को रोशनी और झांकियों से सजाया गया था। मंच पर कार्यक्रमों की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने गीत सुनाया। साई डांस एकेडमी, द सोल ऑफ डांस एकेडमी और राइजिंग डांस एकेडमी के कलाकारों के साथ पुलिस परिवार के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किए। किसी प्रस्तुति में कान्हा की बाल लीला नजर आई तो किसी में भक्ति गीतों के जरिए कृष्ण के अलग-अलग रूप दिखाए गए। बच्चों की वेशभूषा और मंच पर उनकी अदाकारी ने माहौल को और खास बना दिया। कई प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
बच्चों के चेहरे पर दिखी खुशी
कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले बच्चों के लिए यह सिर्फ मंच पर आने का मौका नहीं था, बल्कि उनके लिए यादगार पल भी रहा। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी जय प्रकाश सिंह और वामा सारथी की जनपदीय अध्यक्षा नीतू सिंह ने बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजन में सहयोग करने वाले पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों की भी सराहना की गई। मुख्य अतिथि डीएम घनश्याम मीणा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन परिवार और समाज को अपनी संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
मंदिर में विधि-विधान से हुआ जन्मोत्सव
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद सभी की निगाहें पुलिस लाइन स्थित मंदिर की ओर रहीं। एसएसपी जय प्रकाश सिंह और उनकी पत्नी नीतू सिंह ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का पूजन किया। रात 12 बजे भगवान के जन्म के समय लड्डू गोपाल का अभिषेक किया गया। इसके बाद उन्हें झूला झुलाया गया। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव मनाया। अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया।कार्यक्रम में एडीएम सुशील कुमार, एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह, एएसपी प्रदीप कुमार, एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार, सीओ सिटी विनी सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय और महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. मनीष सिंह सेंगर समेत पुलिस परिवार के कई सदस्यों ने सहयोग किया।
लिंक पर क्लिक करते ही कटे 20 हजार रुपये : साइबर टीम ने कराए वापस
Fri, Sep 4, 2026
कोतवाली सदर पुलिस की कार्रवाई, पीड़ित के खाते में पहुंची रकम
उन्नाव। साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को कोतवाली सदर पुलिस की साइबर टीम ने राहत दिलाई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से कटे 20 हजार रुपये वापस करा दिए। रकम खाते में वापस आने के बाद पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया। पुलिस के अनुसार, अजगरायलखेड़ा, हुसैन नगर निवासी पंकज कुमार पुत्र रमेश ने छह नवंबर 2025 को अंजान लिंक पर क्लिक करने के बाद खाते से 20 हजार रुपये कटने की शिकायत की थी। इस संबंध में उसने ऑनलाइन आवेदन किया था। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली सदर की साइबर टीम ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। साइबर टीम ने बैंकिंग स्तर पर कार्रवाई कर खाते से निकली रकम को वापस कराने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद चार सितंबर 2026 को पंकज कुमार के खाते में 20 हजार रुपये की पूरी धनराशि रिफंड करा दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकान्त मिश्र, अपर निरीक्षक राजेश यादव, महिला आरक्षी सोनिया शर्मा और आरक्षी एलिस श्रीवास्तव शामिल रहे।
दोस्त की फोटो लगी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से भेजी ट्रेडिंग एपीके : खाते से 85 हजार पार
Fri, Sep 4, 2026
लिंक खोलते ही खाते से कटने लगे रुपये, साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद रकम होल्ड
उन्नाव। इंस्टाग्राम पर दोस्त की फोटो लगी फर्जी आईडी से आए ट्रेडिंग के मैसेज पर भरोसा करना एक युवती को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने ट्रेडिंग के नाम पर एपीके फाइल भेजकर उसे खुलवाया। लिंक खुलते ही बैंक खाते से रुपये कटने शुरू हो गए। कई बार में करीब 85 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई। जानकारी होने पर पीड़िता ने मोबाइल बंद कर राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पोर्टल पर रकम होल्ड होने के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिरन नगर निवासी वैशाली पांडेय मुताबिक, इंस्टाग्राम अकाउंट पर 9 अप्रैल को ट्रेडिंग के नाम से मैसेज आया था। मैसेज भेजने वाली आईडी पर उनकी दोस्त अंशिका तिवारी की फोटो लगी थी। दोस्त की फोटो देखकर वैशाली ने आईडी को असली समझ लिया और मैसेज पर भरोसा कर लिया। इसके बाद जालसाजों ने ट्रेडिंग के नाम पर एक एपीके फाइल भेजी। वैशाली ने फाइल खोली तो एक लिंक खुल गया। इसमें उनका नाम, बैंक खाता संख्या समेत अन्य जानकारी पहले से दर्ज थी। इसके बाद खाते से एक के बाद एक रुपये कटने लगे। निकासी के विवरण में 10 हजार, 10 हजार, 20 हजार, 15 हजार और 10-10 हजार रुपये की रकम शामिल है। पीड़िता के मुताबिक कुल ठगी करीब 85 हजार रुपये की हुई। रकम कटने का सिलसिला देखकर युवती को साइबर ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तत्काल अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33104260078541 है। पीड़िता के अनुसार पोर्टल पर ठगी की रकम फिलहाल होल्ड प्रदर्शित हो रही है।
फर्जी आईडी और एपीके की जांच शुरु
पीड़िता की शिकायत के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फर्जी इंस्टाग्राम आईडी और भेजी गई एपीके फाइल के साथ ही रकम के लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। मामले की विवेचना निरीक्षक राजेश यादव कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ठगी की रकम किन बैंक खातों में पहुंची और फर्जी आईडी का संचालन कहां से किया जा रहा था।