आस्था के द्वार पर शहीद की याद : साईं मंदिर में गुलाब सिंह लोधी प्रवेश द्वार का लोकार्पण
Mon, Aug 31, 2026
विधायक पंकज गुप्ता बोले- धार्मिक स्थलों के साथ ऐतिहासिक विरासत को सहेजना भी जरूरी
उन्नाव। लोकनगर के साईं मंदिर पहुंचने वालों को अब मंदिर में प्रवेश से पहले अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की याद आएगी। मंदिर परिसर में उनके नाम से तैयार किए गए प्रवेश द्वार का लोकार्पण सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे और विधायक का माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि किसी महापुरुष या शहीद के नाम को किसी सार्वजनिक स्थान से जोड़ना सिर्फ नाम लिख देने तक सीमित नहीं है। इससे लोगों को उस व्यक्ति के योगदान के बारे में जानने का मौका मिलता है। साईं मंदिर के प्रवेश द्वार का नाम अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के नाम पर होना भी इसी सोच को आगे बढ़ाने वाला कदम है।
मंदिरों के संरक्षण की जरूरत
सदर विधायक ने कहा कि उन्नाव शहर में कई पुराने मंदिर, धर्मशालाएं और धार्मिक स्थल हैं, जिनसे लोगों की आस्था जुड़ी है। इनमें से कई स्थल लंबे समय से शहर की धार्मिक और सामाजिक पहचान का हिस्सा रहे हैं। ऐसे स्थानों को सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उनकी पुरानी पहचान और विरासत को भी सुरक्षित रखने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि जहां पुराने मंदिरों और धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार जरूरी है, वहीं जरूरत के हिसाब से नए धार्मिक स्थलों का विकास भी होना चाहिए। धार्मिक स्थलों के बेहतर रखरखाव से आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने में मदद मिलेगी।
इतिहास से जुड़े तो युवा
विधायक ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने आसपास के इतिहास के बारे में जानकारी होना जरूरी है। अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाएं युवाओं तक पहुंचनी चाहिए। सार्वजनिक स्थानों और स्मारकों के माध्यम से इतिहास को लोगों के बीच आसानी से पहुंचाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों ने भी लोगों को एक साथ लाने का काम किया। गणेश चतुर्थी जैसे आयोजनों के जरिए उस दौर में जनजागरण और एकजुटता की भावना मजबूत हुई। इसलिए धर्म, समाज और इतिहास के बीच के जुड़ाव को समझना भी जरूरी है।
एक नाम, कई संदेश
साईं मंदिर का यह प्रवेश द्वार अब एक साथ कई संदेश देता नजर आएगा। एक ओर यह साईं बाबा के प्रति लोगों की आस्था से जुड़ा है तो दूसरी ओर इसका नाम अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृति को आगे बढ़ाता है। विधायक ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ अपनी ऐतिहासिक विरासत को याद रखना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस समाज को अपने इतिहास और संस्कृति की जानकारी होती है, वह अपने भविष्य को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकता है। इसलिए धार्मिक स्थलों के विकास के साथ ऐतिहासिक महापुरुषों और शहीदों की स्मृतियों को भी सहेजना जरूरी है।
समारोह में ये रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह में सभासद पंकज वर्मा, मंडल अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, सुरेंद्र वर्मा, दिनेश तिवारी, सभासद प्रतिनिधि राजेश, संतोष पाल, पंकज त्रिपाठी, अतुल गौतम, राजेंद्र भारतीय, नीतू सेंगर, अभिषेक शुक्ला, सुरेंद्र कोटेदार, बिल्लू ठाकुर, निखिल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
दीवार तोड़कर जेवरात व सामान चोरी का आरोप : चार पर रिपोर्ट
Mon, Aug 31, 2026
मकान पर कब्जा करने का भी आरोप, विरोध पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर में मकान की दीवार तोड़कर जेवरात और घर का सामान चोरी करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों में धीरज गुप्ता, उसका बेटा कृष गुप्ता, धीरज की पत्नी और नितोष गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कानपुर के हरिवंश मोहाल निवासी करमेन्द्र कुमार गुप्ता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि सुभाषनगर दूध मंडी के पास उनका मकान है। पिता की मृत्यु के बाद वह समय-समय पर मकान की देखरेख के लिए आते-जाते हैं। आरोप है कि उनके मकान से सटे उनकी दादी राधा रानी गुप्ता के मकान पर ताऊ स्व. अशोक कुमार गुप्ता के बेटे धीरज गुप्ता, नितोष गुप्ता, धीरज के बेटे कृष और उसकी पत्नी ने मार्च में कब्जा कर निर्माण करा लिया।
10 जुलाई को मकान पहुंचे तो टूटी मिली दीवार
करमेन्द्र के अनुसार, 10 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे वह अपना मकान देखने पहुंचे। वहां देखा कि धीरज गुप्ता द्वारा कब्जा किए गए मकान की तरफ उनके घर की दीवार टूटी थी। आरोप है कि दीवार तोड़कर घर में रखा सामान और जेवरात चोरी कर लिए गए थे। उन्होंने आरोपियों से चोरी के बारे में जानकारी की तो विवाद हो गया। तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने करमेन्द्र के साथ मौजूद उनकी मां और भांजे को गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
थाने से एसपी तक की शिकायत
पीड़ित ने घटना के बाद गंगाघाट थाने में शिकायत की। इसके बाद 12 जुलाई को थाने में प्रार्थनापत्र, 18 जुलाई को आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत और 21 जुलाई को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र दिया। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर करमेन्द्र ने सीजेएम न्यायालय में धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत प्रार्थनापत्र दिया था। इसके बाद अब मामले में गंगाघाट पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरोसी में युवक पर हमला : लोहे की रॉड और डंडों से पीटा
Mon, Aug 31, 2026
शेखपुर नहर के पास घात लगाकर बैठे युवकों पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
उन्नाव। कोतवाली सदर क्षेत्र के सरोसी गांव निवासी युवक पर शेखपुर नहर के पास कुछ लोगों ने गाली-गलौज के बाद लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरोसी गांव निवासी संदीप सोनकर के मुताबिक, वह 30 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे अपने घर से उन्नाव आ रहा था। शेखपुर नहर स्थित कुंवर जितेंद्र सिंह द्वार के सामने पहले से घात लगाकर बैठे चौरा निवासी सुमित रावत, शनि यादव, छोटू और उनके एक अन्य साथी ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने संदीप के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से संदीप की पिटाई शुरू कर दी। हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पीड़ित ने 31 अगस्त को कोतवाली सदर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।