समीक्षा : राज्यमंत्री कृष्णा पासवान बोलीं, अनियमितता बर्दाश्त नहीं
Thu, Jul 2, 2026
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कहा, दोषियों पर होगी कार्रवाई
उन्नाव। प्रदेश सरकार की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान गुरुवार को उन्नाव पहुंचीं। निरीक्षण भवन में उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में राज्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। राज्यमंत्री ने बताया कि समीक्षा बैठक के बाद उनका जिले की एक गौशाला और एक स्लॉटर हाउस का निरीक्षण करने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्नाव पहुंचने से पहले कृष्णा पासवान कानपुर के बिठूर विधानसभा क्षेत्र गई थीं। वहां उन्होंने विधायक अभिजीत सांगा की माता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। मीडिया से बातचीत के दौरान अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में राज्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी। विपक्ष की ओर से एसआईटी जांच और ट्रस्ट से जुड़े लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और पारदर्शिता के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं : जनता दर्शन में अवैध कब्जे और जमीन विवाद के मामलों पर डीएम गंभीर
Thu, Jul 2, 2026
37 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर ही समाधान
उन्नाव। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान डीएम ने कई मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। सुनवाई में जगन्नाथगंज निवासी प्रदीप कुमार की धारा-134 के बावजूद कब्जा न मिलने, अचलगंज क्षेत्र के संजय की भूमिधरी जमीन की पैमाइश, कटरी पीपरखेड़ा निवासी अरविंद की भूमि पर कथित अवैध कब्जा, निहालपुर निवासी जयंत को न्यायालय के आदेश के बावजूद कब्जा न मिलने, पूजा निषाद की भूमि पर कब्जा दिलाने तथा ग्राम प्रधान सुहागिनी देवी द्वारा इंटरलॉकिंग निर्माण में अनियमितता समेत कई मामलों की सुनवाई हुई।डीएम ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। जनता दर्शन में राजस्व, पुलिस, विकास, अवैध कब्जा और अन्य विभागों से जुड़ी कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिला प्रशासन का कहना है कि जनशिकायतों के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
विवाहिता की मौत : 11 साल की शादी के बाद खत्म हुई पूजा की जिंदगी
Thu, Jul 2, 2026
पति पर मारपीट और हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के पंछीखेड़ा गांव में गुरुवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने पति पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान पंछीखेड़ा गांव निवासी 32 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है। वह मनीष की पत्नी थी। दोनों की शादी करीब 11 वर्ष पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति मनीष अक्सर पूजा के साथ मारपीट करता था। परिजनों का कहना है कि मनीष अहमदाबाद में निजी नौकरी करता है और नशे का आदी है। जब भी वह घर आता था, नशे की हालत में पत्नी से विवाद और मारपीट करता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि घरेलू कलह के चलते पूजा की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के सही कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।