मंदिर में दर्शन के दौरान युवक को सांप ने डसा : झोले में सांप लेकर जिला अस्पताल पहुंचा
Sun, Jul 5, 2026
उन्नाव। शहर के प्रसिद्ध गोकुल बाबा मंदिर में रविवार सुबह दर्शन करने पहुंचे एक युवक को सांप ने डस लिया। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि युवक उपचार के लिए सांप को भी झोले में बंद कर अपने साथ अस्पताल ले आया, जिससे वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू कर दिया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मगरवारा निवासी एसपी सिंह रविवार सुबह करीब 10:30 बजे गोकुल बाबा मंदिर में दर्शन करने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंदिर परिसर में कुछ बच्चे सांप लेकर बैठे थे। इसी दौरान एसपी सिंह ने उत्सुकतावश सांप को छूने का प्रयास किया। तभी सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के डसते ही परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान युवक अपने साथ झोले में बंद सांप भी लेकर पहुंचा, ताकि चिकित्सक उसकी पहचान कर उचित इलाज कर सकें। अस्पताल में झोले में सांप होने की जानकारी मिलते ही मरीजों और तीमारदारों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। आवश्यक जांच और दवाएं देने के बाद युवक को निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर और स्थिर है। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी सिंह मौके पर पहुंचे।
जहरीला हुआ तालाब : प्लास्टिक और कचरे ने ली हजारों मछलियों की जान; ग्रामीणों मे गुस्सा
Sun, Jul 5, 2026
तालाब स्वामी की शिकायत, दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
उन्नाव। आसीवन क्षेत्र के एक निजी तालाब में कथित रूप से कचरा और प्लास्टिक डंप किए जाने से बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई। तालाब में मरी मछलियां तैरने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई है। ग्रामीणों ने इसे गंभीर पर्यावरणीय लापरवाही बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आसीवन तरफ पश्चिम निवासी सैफउर रहमान सफवी ने प्रशासन को दी शिकायत में बताया कि उनका निजी तालाब 'गढ़हा' के नाम से जाना जाता है। आरोप है कि मुजफ्फरपुर सर्रा निवासी दिलीप सिंह पिछले कई दिनों से तालाब में कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट डंप करा रहे हैं। इससे तालाब का पानी गंभीर रूप से प्रदूषित हो गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रदूषण बढ़ने और पानी में ऑक्सीजन की कमी के कारण तालाब में पाली गई अधिकांश मछलियां और ब्रूडर मछलियां मर गई हैं। कई मरी हुई मछलियां अभी भी पानी में तैर रही हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि तालाब में कचरा डंपिंग तत्काल नहीं रोकी गई और सफाई नहीं कराई गई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तालाब को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, तालाब की तत्काल सफाई, मरी हुई मछलियों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और मछली पालन में हुए आर्थिक नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
बेटे का खूनी गुस्सा : पारिवारिक कलह में पिता की ली जान
Sat, Jul 4, 2026
सिर और गर्दन पर किया हमला, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
उन्नाव। औरास थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बेटे ने गुस्से में आकर पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना औरास थाना क्षेत्र के चमारनखेड़ा मजरा ढकौली गांव की है। शनिवार शाम करीब 7:47 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, प्रमोद पासी उर्फ रेवती (55) का अपने बेटे सोनेलाल पासी (34) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और सोनेलाल ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली। आरोप है कि उसने पिता के सिर और गर्दन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि सोनेलाल चार भाइयों में सबसे बड़ा है। गांव में यह भी चर्चा है कि मृतक रेवती भाजपा से जुड़े हुए थे। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। बांगरमऊ सीओ हर्ष मोदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।