: भाजपा सांसद साक्षी महाराज के बयान से फिर गरमाई सियासत
Wed, Oct 15, 2025
‘दिल बहलाने के लिए ख्याल अच्छा है’, अखिलेश पर कसा तंज — विपक्ष पर भी बोला हमला
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। एक बार फिर भाजपा सांसद साक्षी महाराज के तीखे तेवर देखने को मिले। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने ‘आई लव मोहम्मद’ ट्रेंड, विपक्षी एकजुटता, बिहार की सियासत और सीट शेयरिंग जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। उनके बयान सामने आने के बाद जिले की सियासत में गर्मी बढ़ गई है।साक्षी महाराज ने कहा कि कुछ जिहादी मानसिकता के लोग देश में नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें अमन और विकास पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जोड़ी ने देश और प्रदेश में स्थिरता, विकास और सुरक्षा का माहौल बनाया है, जिससे विरोधी दल बेचैन हैं।
अखिलेश पर तीखा तंज
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान ‘योगी सरकार में घुसपैठ हो रही है’ पर साक्षी महाराज ने व्यंग्य करते हुए कहा कि दिल बहलाने के लिए ख्याल अच्छा है। योगी जी जमे हैं और जमे रहेंगे। उन्होंने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि वो बयानबाजी छोड़कर जनता के बीच जाकर देखें कि विकास और कानून व्यवस्था में कितना सुधार हुआ है।
मायावती की तारीफ पर बोले – सरकार सही दिशा में
बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा योगी सरकार की कुछ नीतियों की तारीफ पर सांसद ने कहा कि जब विपक्ष भी सरकार की तारीफ करने लगे तो समझिए कि सरकार सही दिशा में काम कर रही है। उन्होंने इसे योगी सरकार की पारदर्शी और जनहितकारी नीतियों की जीत बताया।
“अखिलेश पिता से सीखें”
मुलायम सिंह यादव का जिक्र करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने पिता से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि मुलायम सिंह यादव ने संसद में हाथ उठाकर कहा था — मोदी जी, आप प्रधानमंत्री बने रहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या तब मुलायम सिंह भी भाजपा से मिले हुए थे?
विपक्षी गठबंधन पर तीखी टिप्पणी
सीट शेयरिंग और विपक्षी एकजुटता को लेकर साक्षी महाराज ने चुटकी लेते हुए कहा कि मेढ़कों को एक तराजू में तौला नहीं जा सकता, ये सब इकट्ठे नहीं हो सकते। उनके इस बयान ने न सिर्फ उन्नाव की स्थानीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी, बल्कि विपक्षी खेमे में भी खुसुर-पुसुर तेज कर दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद के बयान को साफ, सटीक और सच्चाई से जुड़ा बताते हुए समर्थन जताया है। साक्षी महाराज के ये बयान एक बार फिर साबित करते हैं कि वे अपनी बेबाकी और तीखे अंदाज के लिए राजनीति में अलग पहचान रखते हैं।
: किला चौकी क्षेत्र में देर रात पुलिस का छापा, पांच जुआरी गिरफ्तार
Tue, Oct 14, 2025
कोतवाली प्रभारी संजीव कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम की कार्रवाई
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार देर रात जुआ खेलते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से मय ताश की गड्डी सहित 18,550 रुपये नकद और तलाशी के दौरान 1,800 रुपये अतिरिक्त बरामद किए हैं। सभी जुआरियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। एसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार कुशवाहा ने किया। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि किला चौकी क्षेत्र के सैय्यद बाबा मज़ार के पास मैदान में कुछ लोग बाहर से आकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी, चौकी इंचार्ज इंद्रदेव उपाध्याय और पुलिस टीम ने मौके पर छापामारी की। पुलिस ने पांच लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम आमिर उर्फ लड्डू पुत्र रईस, मुज्जमिल पुत्र यासिन, शाह आलम पुत्र मुन्ना, अथक यादव पुत्र शिवकुमार और अनुज गुप्ता पुत्र कृष्णा कुमार गुप्ता बताए। ये सभी सदर कोतवाली क्षेत्र के ही निवासी हैं।
कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पांचों को मौके पर जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जुआ पकड़े जाने के बाद से इलाके में जुआरियों में हड़कंप मचा हुआ है। इंस्पेक्टर ने चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
: अवैध शराब पर वार — मौरावां में महिला समेत दो गिरफ्तार
Tue, Oct 14, 2025
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। दीपावली से पहले जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। थाना मौरावां क्षेत्र के सगौली और देवमई गांवों में छापेमारी कर विभाग ने 54 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इस दौरान एक महिला सहित दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भगवान देई पत्नी भगवानदीन और अंकित पुत्र प्रकाश के रूप में हुई है। दोनों थाना मौरावां क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। आबकारी टीम ने उनके घरों और आसपास के खेतों में छिपाकर रखी गई शराब जब्त की। मौके पर शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं।छापेमारी अभियान का नेतृत्व जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने किया। उनके साथ आबकारी निरीक्षक निशांत सिंह और प्रतिभा सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा। टीम ने सगौली और देवमई गांवों में सघन तलाशी लेकर अवैध शराब नष्ट की। अनुराग मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत की गई। त्योहारों से पहले अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में छापेमारी जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति अगर अपने इलाके में शराब बनते या बिकते देखे, तो तुरंत विभाग को सूचना दे, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।