बीघापुर–भगवंतनगर रोड चौड़ीकरण को मंजूरी : लोगों के सफर में आएगी आसानी
Tue, Nov 18, 2025
विधायक की पहल रंग लाई, सड़क चौड़ीकरण अब हकीकत के करीब
उन्नाव। बीघापुर से भगवंतनगर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का रास्ता आखिर साफ हो गया है। शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। विभाग को करीब 27 करोड़ 86 लाख रुपये से ज्यादा की राशि जारी की गई है। मंजूरी मिलते ही इलाके में लोगों की उम्मीदें फिर तेज हो गई हैं।यह योजना कई सालों से अटकी थी। स्थानीय जनता बार-बार इसकी जरूरत बताती रही थी। विधायक आशुतोष शुक्ला ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर फाइल को आगे बढ़ाने की मांग रखी थी। इसके बाद सरकार ने पूरी परियोजना को हरी झंडी दे दी। पीडब्ल्यूडी के मुताबिक स्वीकृति बिहार-सरेनी-चैनपुर होकर भगवंतनगर तक करीब पंद्रह किलोमीटर से ज्यादा हिस्से के चौड़ीकरण और सौंदर्यकरण के लिए है। सड़क को मजबूत ढांचे के साथ तैयार किया जाएगा ताकि भारी वाहनों का दबाव आसानी से झेल सके। किनारों की मरम्मत, नालियों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी काम होगा।अनुमान है कि टेंडर और अन्य औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण तेजी से शुरू हो जाएगा। इस मार्ग से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। सड़क दुरुस्त होने पर समय बचेगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आसपास के गांवों को सीधा फायदा मिलेगा। विधायक आशुतोष शुक्ला ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की लाइफ लाईन की तरह है। चौड़ीकरण से गांवों के बीच आवागमन आसान होगा और कारोबारी गतिविधियों को भी सहारा मिलेगा। उन्होंने परियोजना को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
आसीवन में मुठभेड़ : दो इनामी बदमाश घायल होकर गिरफ्तार, एक फरार
Mon, Nov 17, 2025
उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सनी उर्फ बदरिया और राजा बाबू के रूप में हुई है। दोनों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक यह गैंग आसीवन और आसपास के क्षेत्रों में लगातार अपराध कर रहा था। इनके खिलाफ लूट, चोरी और अवैध असलहा रखने के कई मुकदमे दर्ज हैं। यह कार्रवाई चौधरीखेड़ा पुल के पास तब हुई जब आसीवन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने संदिग्ध बाइक रुकवानी चाही, तभी बदमाशों ने गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस की फायरिंग में दोनों घायल होकर गिर पड़े। इनके पास से दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं।घायलों को सीएचसी मियागंज भेजा गया है। फरार तीसरे आरोपी की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने इसे अपराधियों के खिलाफ अहम कार्रवाई बताया है।
क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान बदमाशों ने हमला किया, लेकिन पुलिस ने तुरंत जवाब देकर दो इनामी बदमाश पकड़ लिए।
जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल : बांगरमऊ कोतवाली की कमान संभालेंगे अनुराग सिंह
Mon, Nov 17, 2025
एसपी बोले- हर थाने में जिम्मेदारी तय होगी और कार्रवाई तेज होगी
उन्नाव। पुलिस प्रशासन ने रविवार को एक अहम फेरबदल किया। जिला मुख्यालय पर देर रात जारी आदेश में चार इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए। पुलिस अफसरों के मुताबिक यह कदम इलाके में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने और कामकाज को तेज करने के लिए उठाया गया है।
सबसे बड़ा बदलाव बांगरमऊ कोतवाली में हुआ है। यहां तैनात इंस्पेक्टर चंद्रकांत सिंह को हटाकर विवेचना और अनावरण शाखा में भेज दिया गया। यह शाखा पुराने मामलों की जांच को गति देने के लिए बनाई गई है और मुश्किल केसों पर खास तौर पर काम करती है।
वहीं इस शाखा में तैनात तेज़ तर्रार इंस्पेक्टर अनुराग सिंह को बांगरमऊ कोतवाली की जिम्मेदारी मिल गई। उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह क्षेत्र में बढ़ते विवादों पर काबू पाने के साथ-साथ थाने के कामकाज में सुधार लाएँगे।
इसी तरह पुलिस लाइन में कार्यरत इंस्पेक्टर अखिलेश चंद्र पांडे को आसीवन थाने की कमान सौंपी गई है। हाल के दिनों में इस इलाके में कई आपराधिक घटनाएं सामने आई थीं। ऐसे में एक अनुभवी अधिकारी की तैनाती जरूरत मानी गई। आसीवन के मौजूदा थाना प्रभारी अरविंद पांडे को पुलिस लाइन भेज दिया गया। नौगांव गांव में वर्चस्व को लेकर हुई आजाद सिंह की हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे थे। जांच में कमियां उजागर होने के बाद उन्हें हटाने का फैसला लिया गया। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने कहा कि हर थाने में जिम्मेदारी तय हो और कार्रवाई समय पर हो, यही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था और मजबूत की जाएगी ताकि जनता को न्याय और सुरक्षा मिल सके।