जमीन गिरवी रखकर 9 लाख का लोन लिया : फर्जीवाड़ा कर दूसरों को बेच दी
Sat, Nov 22, 2025
बैंक प्रबंधक की तहरीर पर भू-स्वामी समेत 10 लोगों पर केस, पुलिस ने जांच शुरू की
उन्नाव। फैक्ट्री लगाने के लिए एक युवक ने जमीन बैंक में बंधक रखकर 9 लाख का लोन लिया और फर्जीवाड़ा कर उसे कुछ लोगों को बेच दिया। बैंक प्रबंधक की तहरीर पर भू-स्वामी समेत 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जान शुरू की है। सदर क्षेत्र के दुपरापुर निवासी अजयदीप श्रीवास्तव ने प्लास्टिक फैक्ट्री लगाने के लिए दीप प्लास्टिक इंडस्ट्री के प्रोपराइटर के रूप में लघु उद्योग विकास योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया था। उन्होंने सिंगरोसी स्थित अपनी भूमि को बंधक रखते हुए शपथ पत्र दिया था। यह अनुबंध किया था कि ऋण अवधि तक वह न ही जमीन को बेचेंगे और न ही कहीं गिरवी रखेंगे। दस्तावेज सत्यापन के बाद सदर क्षेत्र के अकरमपुर स्थित आर्यावर्त बैंक ने 25 मार्च 2015 को 9 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया। अनिल कुमार सोनी और अकील अहमद गारंटर बने थे।
नौ लाख का ऋण लेने के बाद बिना भुगतान किए अजयदीप ने कूचरचित दस्तावेजों के जरिए परिचित नीरज कुमार कुशवाहा, अब्दुल रसूल, इसराइल, शमशुल हक, मिस्वाक हुसैन, वसीम अहमद, दिनेश कुमार, विमला पत्नी नन्दकिशोर को जमीन बेंच दी। इतना ही नहीं स्थानीय लेखपाल और राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से खरीदारों ने निर्धारित रकबे से अधिक भूमि का नामांतरण भी करा लिया।
जब बैंक कर्मियों को इसकी भनक लगी तो वह ऋण वसूली के लिए अजदीप के पास पहुंचे। इस पर उसने सभी से अभद्रता की और जान की धमकी देकर भगा दिया। बैंक प्रबंधक मनीष भदौरिया ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
उन्नाव में बड़ा हादसा टला : चलती कार में अचानक लगी आग
Fri, Nov 21, 2025
अग्निशमन यंत्र नहीं, दुकानों और घरों से लाया गया पानी बना सहारा
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पीडी नगर स्थित भव्य शिखा के पास एक कार अचानक धधक उठी। सड़क पर अचानक उठी लपटों ने राहगीरों को भी चौंका दिया, लेकिन गनीमत रही कि चालक ने फुर्ती दिखाते हुए समय रहते बाहर छलांग लगा दी।मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक कार संख्या यूपी 78 सीपी 1657 उन्नाव शहर से पीडी नगर की तरफ बढ़ रही थी। भव्य शिखा के पास इंजन से धीरे-धीरे धुआं उठना शुरू हुआ। चालक गाड़ी रोक पाता, इससे पहले बोनट के नीचे आग भड़क गई और देखते ही देखते पूरी नाक वाली हिस्से में लपटें फैल गईं। खतरा बढ़ता देख चालक तुरंत कार से कूद गया और किनारे आ गया। आग लगते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। इलाके में अग्निशमन यंत्र न होने के कारण लोग घरों और दुकानों से बाल्टियों में पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए। करीब दस मिनट की कोशिशों के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। घटना के चलते कुछ देर के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी थम गई। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और स्थिति को संभाला। जली हुई कार को किनारे हटवाकर रास्ता साफ कराया गया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट या इंजन की किसी तकनीकी समस्या से भड़की होगी। पुलिस ने कार मालिक से बातचीत शुरू की है और आग के असली कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रही है। खुशकिस्मती रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन अचानक लगी आग ने लोगों को कुछ देर के लिए डरा जरूर दिया।
विधायक ने किया निरीक्षण : गांधीनगर से गदनखेड़ा तक आधुनिक कॉरिडोर की ओर बढ़ता उन्नाव
Thu, Nov 20, 2025
रोटरी चौराहा, सेल्फी प्वाइंट और बस स्टैंड जैसी सुविधाओं पर हुई समीक्षा
उन्नाव। शहर को नया रूप देने वाली बड़ी परियोजनाओं की तैयारियां अब तेजी पकड़ रही हैं। गांधीनगर तिराहे के व्यापक सौंदर्यीकरण और गांधीनगर से गदनखेड़ा चौराहे तक फुटपाथ को नई पहचान देने के काम का गुरुवार को सदर विधायक पंकज गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों के साथ घूमकर उन्होंने पूरे प्लान को समझा और कई सुधार सुझाव भी दिए। विधायक ने कहा कि गांधीनगर तिराहे को शहर के भव्य प्रवेश द्वार की तरह विकसित किया जा रहा है। प्रस्तावित डिजाइन में रोटरी चौराहा, वेंडिंग जोन, टेंपो और ऑटो स्टैंड, इलेक्ट्रिक बस स्टैंड, सेल्फी प्वाइंट और कलम–तलवार का आकर्षक शिल्प शामिल है। उनका कहना था कि ये सभी सुविधाएं न सिर्फ तिराहे को पहचान देंगी बल्कि ट्रैफिक दबाव कम करके लोगों को राहत भी दिलाएंगी।
इधर, आवास विकास परिषद गांधी नगर से गदनखेड़ा तक की रोड को आधुनिक कॉरिडोर में बदलने में जुटी है। इस मार्ग पर डिवाइडर को ऊंचा किया जा रहा है, मजबूत ग्रिल लगाई जा रही है और फुटपाथ को नए अंदाज में बनाया जा रहा है। हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण की तैयारी भी चल रही है। पूरा रास्ता सुरक्षित और आकर्षक दिखे, इसी लक्ष्य से काम हो रहा है।विधायक ने निरीक्षण के दौरान कहा कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में उन्नाव की छवि को बिल्कुल बदल देगी और शहर को नई पहचान देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि काम तय समय में पूरा होने पर शहर के प्रवेश से लेकर मुख्य बाजार तक एक साफ, व्यवस्थित और सुंदर कॉरिडोर दिखेगा।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट सौम्या अरोड़ा, यूएसडीए के सचिव शुभम यादव, सहायक अभियंता अरविंद कुमार उपाध्याय, जिला प्लानर आंशिक अग्रवाल, आवास विकास परिषद के सहायक अभियंता सूरज शर्मा व नवल कुमार, जेई विनय कुमार और यूएसडीए के अवर अभियंता संतोष कुशवाहा मौजूद रहे।