ओवरलोडिंग पर सख्ती : ढाई माह में दो करोड़ जुर्माना
Sat, Jun 20, 2026
750 बिना नंबर प्लेट वाहन पकड़े गए, 250 ओवरलोड वाहन सीज; रात में चल रहा औचक अभियान
उन्नाव। जिले में ओवरलोड वाहनों, बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त अभियान छेड़ रखा है। एक अप्रैल से अब तक की कार्रवाई में करीब दो करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है। संयुक्त टास्क फोर्स की लगातार कार्रवाई से ओवरलोडिंग में कमी आने का दावा किया जा रहा है। एआरटीओ प्रवर्तन संजीव कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टास्क फोर्स गठित की गई है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप यह टीम जिले में ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि हर दूसरे दिन रात में औचक चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही प्रमुख चेक प्वाइंटों पर चौबीस घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। एआरटीओ के अनुसार, एक अप्रैल से अब तक बिना नंबर प्लेट के चल रहे करीब 750 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। वहीं ओवरलोडिंग के आरोप में करीब 250 वाहनों का चालान कर उन्हें बंद किया गया। क्षमता से अधिक माल ढोने के लिए वाहनों की बॉडी बढ़ाने वाले 170 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है। सड़क हादसों की वजह बनने वाले नो पार्किंग में खड़े वाहनों और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा कसा गया। ऐसे 125 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों में 2066 लोगों के चालान किए गए हैं। एआरटीओ ने बताया कि नंबर प्लेट छिपाकर या नंबर अधूरा दिखाकर चलने वाले डंपर और ट्रकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। नंबर प्लेट पर कालिख पोतने, कीचड़ लगाने या नंबर अस्पष्ट रखने की शिकायतों पर पहले चालान और फिर वाहन सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक ऐसे 724 डंपर और ट्रकों पर कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन अभियान आगे भी जारी रहेगा और ओवरलोडिंग व यातायात नियमों के उल्लंघन पर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। विभाग का लक्ष्य जिले से ओवरलोडिंग को पूरी तरह खत्म करना है।
नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट : डीएम घनश्याम मीणा ने कहा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
Sat, Jun 20, 2026
21 जून को होगी नीट परीक्षा, चार केंद्रों पर 1241 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
उन्नाव। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 21 जून को नीट परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए जिले में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें डीएसएन डिग्री कॉलेज, अटल बिहारी इंटर कॉलेज, जीजीआईसी और केंद्रीय विद्यालय दही चौकी शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 1241 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए चार सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उन्हें अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप और बिजली आपूर्ति समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए।उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में अतिरिक्त कक्षों को सील किया जाए और सीसीटीवी कैमरे सिर्फ परीक्षा कक्षों में ही नहीं, बल्कि प्रवेश द्वार, गैलरी और स्टाफ रूम में भी लगाए जाएं, ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके। डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बिना प्रवेश पत्र या अधिकृत पहचान पत्र के किसी भी अतिरिक्त कर्मचारी को केंद्र में प्रवेश न दिया जाए। परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया भी पूरी सतर्कता और गंभीरता से कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात किसी भी कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह समेत सेक्टर मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक मौजूद रहे।
बीमारी से जूझ रहे युवक ने दी जान : खेत में मिला शव
Sat, Jun 20, 2026
सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से लटका देखा शव, पुलिस जांच में जुटी
उन्नाव। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के पिड़हरी गांव में शनिवार सुबह खेत में पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान पिड़हरी गांव निवासी 45 वर्षीय सुशील कुमार उर्फ सीलू पुत्र लाल बहादुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब चार बजे गांव के बाहर स्थित खेत में उनका शव पेड़ से लटका मिला। शव देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार में मातम छा गया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, सुशील कुमार लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि शारीरिक और मानसिक परेशानी के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस अभी हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। सुशील कुमार अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके चार बेटे हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।