: आधी रात में दहकी प्लास्टिक फैक्ट्री, गिरी दो मंजिला इमारत
Sat, Aug 16, 2025
धुएं और लपटों में तब्दील हुई पूरी फैक्ट्री,घंटों तक चला संघर्ष
[video width="478" height="850" mp4="https://thelucknowtimes.in/wp-content/uploads/2025/08/उन्नाव_n_n➡देर_रात_प्लास्टिक_फै.बाग_https___t.co_h5SFweIvcf.mp4"][/video]
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। मगरवारा औद्योगिक क्षेत्र की देर रात शुक्रवार को शार्ट सर्किट से अचानक आग की लपटों से दहल उठी। नेहरू बाग स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने सबकुछ राख कर दिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो मंजिला इमारत देखते ही देखते ढह गई। गनीमत रही कि पास की अन्य फैक्ट्रियां इसकी चपेट में नहीं आईं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
शुक्लागंज निवासी आशीष साहू की इस फैक्ट्री में प्लास्टिक कचरा जमा कर ग्राइंडिंग का काम होता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 1 बजे फैक्ट्री से अचानक धुआं उठता देखा गया। कुछ ही देर में आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरी बिल्डिंग लपटों में घिर गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्नाव व आसपास की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कानपुर की दमकल गाड़ियों को भी मंगवाना पड़ा। आग को काबू पाने में दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 14 दमकल वाहनों ने घंटों तक संघर्ष किया, तब कहीं जाकर आग पर नियंत्रण पाया जा सका। तब तक लगभग 40 टन प्लास्टिक जलकर खाक हो चुका था और पूरी इमारत धराशायी हो चुकी थी। फैक्ट्री मालिक के अनुसार आग से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मशीनें, तैयार माल और स्टॉक सब राख में बदल गया। मौके पर पहुंचे मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि विभाग ने जांच शुरू कर दी है जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
औद्योगिक क्षेत्र में फैलता खतरा
बता दें कि मगरवारा औद्योगिक क्षेत्र में दर्जनों छोटी फैक्ट्रियां बिना किसी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के चल रहीं हैं। मानकों की अनदेखी से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन प्रशासन अब तक सख्त कार्रवाई नहीं कर पाया है।
: स्वतंत्रता दिवस पर GNRF फाउंडेशन की अनोखी पहल, नशे से मुक्ति ही असली आज़ादी
Thu, Aug 14, 2025
मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट और सीएमओ पहुंचकर दी प्रेरणादायक शुभकामनाएं
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर GNRF फाउंडेशन ने समाज सुधार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की। फाउंडेशन का कहना है कि असली आज़ादी सिर्फ गुलामी से नहीं, बल्कि बुरी लतों से छुटकारा पाने में है। बुधवार शाम को आशियाना मैरिज हाल में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज और मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डा. हरी नंदन पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने फाउंडेशन की इस पहल की जमकर सराहना की।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज ने कहा कि नशा किसी भी समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है। इस तरह के अभियानों से लोगों को जागरूक होकर नशे से दूरी बनाने की प्रेरणा मिलती है। राजीव राज ने भावनात्मक अंदाज में कहा, नशा केवल एक बुरी आदत नहीं, यह इंसान के सपनों, परिवार की खुशियों और समाज की तरक्की को निगलने वाली आग है। मैंने ऐसे कई परिवार देखे हैं जो नशे के कारण बिखर गए। हमें आजादी का असली मतलब तभी समझ आएगा जब हम अपने समाज को नशा मुक्त बना सकें। हर व्यक्ति अगर एक नशे करने वाले को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करे, तो हम एक मजबूत और स्वस्थ भारत का निर्माण कर सकते हैं।
वहीं, सीएमओ डॉ. हरी नंदन ने कहा नशा न केवल स्वास्थ्य बल्कि परिवार और समाज के भविष्य को भी खतरे में डालता है। इस अभियान से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और नई पीढ़ी को सही दिशा मिलेगी। उन्होंने कुटप्पा एक्ट की जानकारी दी। इस एक्ट के तहत स्कूल और अस्पताल की सीमा से 100 गज के भीतर नशे की बिक्री पर 200 रुपए का चालान और सजा का प्रावधान है। 18 साल से कम उम्र के बच्चों को नशे की बिक्री में शामिल पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई होती है।
गरीब नवाज फाउंडेशन के प्रमुख सैय्यद वसीक सत्तारी ने भावुक अंदाज में कहा, मैंने अपनी आंखों के सामने कई ऐसे घर देखे हैं जो नशे की वजह से बर्बाद हो गए। बच्चे अनाथ हो गए, मां-बाप का सहारा छिन गया। नशा केवल शरीर को नहीं, बल्कि सपनों, रिश्तों और जीवन की खुशियों को भी खत्म कर देता है। आज अगर हम एक भी व्यक्ति को नशे से दूर कर पाते हैं, तो समझिए हमने एक पूरी पीढ़ी को बचा लिया।
GNRF फाउंडेशन के अध्यक्ष असलम मदनी ने कहा जश्ने आज़ादी के मौके पर जिले में नशा मुक्ति की यह पहल शुरू की गई है। इसके अलावा हमारी संस्था गरीबों को राशन वितरण, सर्दियों में कंबल वितरण, ब्लड डोनेशन और पौधे वितरण जैसे सामाजिक कार्य भी करती रही है। हमारा उद्देश्य सिर्फ नशा मुक्ति नहीं, बल्कि समाज के हर जरूरतमंद वर्ग तक मदद पहुंचाना है।
कार्यक्रम में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों और युवाओं ने नशा छोड़ने और दूसरों को भी छोड़ने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। अध्यक्ष ने कहा, "हमारा लक्ष्य नशा छुड़वाना ही नहीं बल्कि नशा मुक्त समाज बनाना है, जहां युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं।"
कार्यक्रम के समापन पर सभी लोगों को तिरंगा भेंट किया गया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर गरीब नवाज फाउंडेशन के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का समर्थन दिया।
: आपरेशन मुस्कान: जनता का भरोसा जीता, उन्नाव पुलिस ने पेश की मिसाल
Wed, Aug 13, 2025
20 लाख के चोरी हुए मोबाइल तलाशकर पुलिस ने लौटाई 101 चेहरों पर मुस्कान, एसपी ने बताई हैरान करने वाली कीमत
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत एसपी दीपक भूकर के निर्देश व एएसपी अखिलेश सिंह और सीओ सिटी दीपक यादव के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल प्रभारी विनोद सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस टीम ने जिले के अलग अलग थानाक्षेत्रों से पीड़ितों के खोए हुए 101 मोबाइल फोन जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है बरामद किये।
गुम या चोरी हुई मोबाइल मिलते ही लोगों के चेहरे खिल गए। मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने एसपी को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सक्रियता के कारण हमलोगों का खोया हुआ मोबाइल मिल गया है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के 101 लोगों का मोबाइल लौटाने के लिए बुधवार को पुलिस लाईन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसपी दीपक भूकर ने लोगों के चोरी या गुम हुए 101 मोबाइल लौटाया।
एसपी बोले- हमारी टीम लगातार कर काम रही
इस दौरान एसपी ने कहा कि पिछले साल सितंबर 2024 से लेकर अबतक तकरीबन एक करोड़ कीमत के 606 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किया गया है। जिले के विभिन्न थाने में मोबाइल चोरी या गुम हो जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसे लेकर सर्विलांस टीम लगातार काम कर रही थी। उन्होंने बताया कि चोरी या गुम हुए करीब 20 लाख रुपए कीमत के 101 मोबाइल को पुलिस ने बरामद किया है। हालांकि मोबाइल कैसे और कहां से बरामद किया गया, इस पर एसपी ने कहा कि यह अनुसंधान का विषय है। पुलिस सभी मामलों में कार्रवाई करने में जुटी है।
यूपी पुलिस मुख्यालय के आदेश पर ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के थानों में जितने भी मोबाइल गुम होने, गिर जाने या चोरी हो जाने की शिकायत कराई गई थी, उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किया गया है।
एएसपी अखिलेश सिंह ने बताया कि पिछले साल 13 अक्टूबर को 81 मोबाइल, 17 नवम्बर को 101 मोबाइल, 17 नवंबर को 101 मोबाइल इस साल 19 जनवरी को 101 मोबाइल, 12 मार्च और 111 अप्रैल को 111 मोबाइल और आज 101 लोगों के मोबाइल फोन को उसके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किया गया है।
बरामदगी के मामले में प्रभारी सर्विलांस सेल के उपनिरिक्षक विनोद सिंह के नेतृत्व में टीम कांस्टेबल शुभम तोमर, प्रशांत बलियान, अरुण यादव, विवेक की प्रमुख भूमिका रही।