: हादसों को रोकने एसपी ने ब्लैक स्पॉट का लिया जायजा, दिया दिशा-निर्देश
Thu, Aug 7, 2025
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने नेशनल हाइवे 27 पर थाना दही स्थित पुरवा मोड़ और अजगैन थाना क्षेत्र के चमरौली मोड़ पर चिह्नित किए गए ब्लैक स्पॉट का जायज़ा लिया। इस दौरान उनके साथ यातायात प्रभारी सुनील सिंह भी मौजूद रहे। एसपी दीपक भूकर स्वंय एनएच 27 पर पहुंचकर सड़क हादसों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने एक-एक कर एनएच 27 के सभी ब्लैक स्पॉट पर हादसों के कारणों की समीक्षा की। इसके बाद ऐसे स्थान, जहां संकेतक व रंबल स्ट्रिप की जरूरत महसूस हुई, दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिया। साथ ही जरुरत पड़ने पर लोकल पुलिस को चौकसी बढ़ाने का आदेश भी दिया। उन्होंने दुर्घटनाओं में कमी लाने यातायात प्रभारी सुनील सिंह को पीडब्लूडी, ट्रांसपोर्ट और एनएच अथॉरिटी के साथ साझा रूप से सुधार कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक प्रभारी को मार्ग पर ओवर लोड, ओवर स्पीड व ड्रिंक और ड्राइव व मालवाहक वाहनों पर सवारी लाने वालों पर नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने यातायात पुलिस निरंतर प्रयासरत है। शासकीय व गैर शासकीय एजेंसियों के साथ मिलकर यातायात पुलिस समय पर लोगों को जागरूक करने के साथ ही सड़कों पर आवश्यक सुधार कार्य कराया जा रहा है।
: नगरपालिका कार्यालय के चंद कदमों की दूरी पर बन रही गुणवत्ताहीन सड़क
Thu, Aug 7, 2025
ठेकेदार की मनमानी को अफसर कर रहे अनदेखी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। शहर के नगर पालिका कार्यालय के चंद कदम दूर में ही कराए जा रहे विकास कार्य में जमकर खेल किया जा रहा है। मानक को दर किनार कर बिना बोल्डर की कुटाई कराए कार्यदायी संस्था इंटरलॉकिंग लगवा रही है। शहर का एकल मार्ग शीश महल गेस्ट हाउस से नगरपालिका कार्यालय के पास तक सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। नगरपालिका अंतर्गत बन रही सड़क में जरूरी मापदंडों को दरकिनार किया जा रहा है। इंजीनियरिंग मैनुअल में इसके मापदंड तय हैं, लेकिन सडक़ निर्माण में इनकी खुली अवहेलना की जा रही है। यही वजह है कि शहर की अंदरूनी सड़कें बनने के कुछ माह बाद ही उखड़ने लगती हैं। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से कार्यदायी संस्था मनमाफिक कार्य करा रही है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच व ठेकेदार पर कार्यवाही की मांग की। नपा प्रशासन को मामलें की जानकारी मिलने पर ठेकेदार को कार्य सही से कराने की नसीहत दिया है। सूत्रों की मानें तो रक्षाबंधन त्योहार के बाद निर्माण कार्य शुरु किया जाने की बात सामने आ रही है।
20.99 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं
शीश महल गेस्ट हाउस से नगरपालिका कार्यालय के पास तक की बची 100 मीटर की इस सड़क के लिए 20.99 लाख रुपये स्वीकृत हुए है और टेंडर भी हो चुके हैं, लेकिन जिस तरह से सड़क का बेस तैयार किया जा रहा है, उससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। क्षेत्रवासी राहुल ने बताया कि सडक़ निर्माण के लिए पहले बोल्डर बिछाना होता है और उस पर रोलर चलाकर चलाकर बेस बनाया जाता है। लेकिन एकल मार्ग नगरपालिका रोड वाली सड़क में ठेकेदार नियम का पालन नहीं कर रहे। लोगों का कहना है कि एकल मार्ग होने की वजह से सबसे व्यस्त रहता है। यहां हल्के भारी वाहनों का निकलना होता है। बिना खोदे सड़क निर्माण कार्य हो रहा है यहां तक गिट्टी (बोल्डर) डालने के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। कुछ जगहों पर सिर्फ गिट्टी की हल्की पर्त डाली जा रही है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार की यह मनमानी अधिकारियों की अनदेखी के कारण चल रही है, जिसका खामियाजा आमजनों को भविष्य में परेशान होकर चुकाना पड़ सकता है।
रोड रोलर गायब, कैसे मजबूत होगा बेस
सड़क का आधार उसका बेस होता है। यदि बेस मजबूत रहे तो सड़कें सालों साल चलती है, लेकिन ठेकेदार द्वारा बेस निर्माण में लापरवाही की जा रही है। बेस तैयार करने के लिए ठेकेदार ने रोड रोलर से जमीन को मजबूत करने का काम तक नही किया है। जानकार बताते हैं कि बेस के लिए मिट्टी-मुरम, गिट्टी, बोल्डर पर बार-बार रोड रोलर चलने से जमीन मजबूत हो जाती है। इससे बारिश के दिनों में जमीन के धंसने की संभावनाएं कम रहती हैं। यदि बेस कमजोर रहता है तो सड़क अंदर धंस सकती है। लेकिन नपा अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जबकि नपा अधिकारियों को भी सड़क निर्माण के सारे नियमों की जानकारी है।
ठेकेदार पर अधिकारी मेहरबान
लोगों ने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण कार्य की जानकारी विभागीय अफसरों को है। इसके बाद भी कार्रवाई करने के बजाय हाथ में हाथ धरे बैठे हुए हैं। निर्माण एजेंसी को विभागीय अफसरों का संरक्षण मिल रहा है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता का ध्यान एकदम नहीं रखा जा रहा है। क्षेत्रवासी राहुल का कहना है कि नगरपालिका अधिकारियों की अनदेखी के कारण ही वार्डों की सडक़े गुणवत्तापूर्ण नहीं बन पाती हैं। शिकायतें होती हैं तो अनसुना कर दी जाती हैं। जिसके कारण सड़कें साल दो साल में उखड़ने लगती हैं।
क्या कहते है जिम्मेदार
जेई सुधीर यादव ने बताया कि ठेकेदार को निर्देशित किया गया है। सड़क में रोड रोलर भी चलवाया जाए। अगर ठेकेदार नियम से कार्य नही करता है तो सड़क को उखाड़कर पुनः बनवाई जाएगी।
: स्कूली बच्चों ने एसपी अंकल को बांधी राखी, बहनों को सुरक्षा का दिया आर्शीवाद
Thu, Aug 7, 2025
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। बेन-हर इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधी। इस दौरान छात्राओं ने अधिकारियों की सुरक्षा और कुशलता की कामना की। सबसे पहले स्कूली बच्चों ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर को रक्षासूत्र बांधा और उन्हें शुभकामनाएं दीं। एसपी भूकर ने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं को रक्षाबंधन के महत्व और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के बारे में बताया। रक्षाबंधन का त्योहार हमें भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के बंधन की याद दिलाता है। इस अवसर पर एसपी भूकर ने कहा कि पुलिस हमेशा महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगी। बच्चियों और शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से जिले के एसपी को विधिवत चंदन, फूल और आरती के साथ उनकी कलाई पर राखी बांधी।एसपी अंकल से मिलकर बच्चे काफ़ी खुश दिखे। पुलिस कप्तान दीपक भूकर ने भी बेन-हर इंटरनेशनल स्कूल के प्यारे- प्यारे बच्चों को ढेर सारे आशीर्वाद दिया। स्कूल प्रबंधक ने बताया कि निष्ठा के साथ शिक्षा देने के साथ हमारी कोशिश यह भी होती है कि बच्चे अपने पर्व और उसकी महत्ता को भी भली-भांति जानें।
इसके बाद छात्राओं ने नवागत सीओ दीपक यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राखी बांधी। पुलिस कर्मियों ने इस स्नेहपूर्ण पहल से प्रभावित होकर छात्राओं को धन्यवाद दिया। साथ ही समाज की सेवा में अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आश्वासन दिया।