गिट्टी के ट्रक में तोड़फोड़ : एक लाख का नुकसान
Thu, Oct 29, 2026
मालिक का आरोप- चालक और कंडक्टर से की गई मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। सोहरामऊ थाना क्षेत्र में गिट्टी लदे ट्रक को रोककर चालक और कंडक्टर से गालीगलौज व मारपीट करने का मामला सामने आया है। ट्रक मालिक की तहरीर पर पुलिस ने 28 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज की है। ट्रक में तोड़फोड़ से एक लाख रुपये का नुकसान होने की बात भी कही गई है। हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के कटेहरी निवासी मंगल सिंह के मुताबिक, उन्होंने 31 जनवरी 2025 को ट्रक नंबर यूपी 93 बीटी 7788 खरीदा था। ट्रक महोबा के कबरई से गिट्टी लादकर लखनऊ और उन्नाव के बीच चलता है। मंगल सिंह के मुताबिक, 25 अक्टूबर को उनके चालक पप्पू ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोगों ने ट्रक रोक लिया है। चालक और कंडक्टर संजय के साथ गालीगलौज और मारपीट की जा रही है। इस पर उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक मालिक के अनुसार, दो-तीन बड़ी गाड़ियों से छह-सात लोग आए थे। इनमें एक स्कॉर्पियो का नंबर यूपी 32 आरएस 8687 है। एफआईआर में आकाश सिंह और अंशुमान सिंह के नाम भी दर्ज हैं। आरोप है कि इन लोगों ने ट्रक को रोककर रखा और उसमें तोड़फोड़ की, जिससे करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किसी की पढ़ाई, किसी का इलाज… : फिर मददगार बने अंकित सिंह परिहार
Thu, Oct 29, 2026
मेडिकल की फीस और ऑपरेशन का खर्च उठाने में की मदद, दो जरूरतमंद परिवारों को मिली राहत
उन्नाव। किसी घर में बेटी की पढ़ाई का सपना हो या परिवार के किसी सदस्य के इलाज की चिंता, आर्थिक तंगी कई बार मुश्किलें बढ़ा देती है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के नेता अंकित सिंह परिहार ने दो जरूरतमंद परिवारों की मदद की। भगवंतनगर क्षेत्र के पच्चोडा गांव की दिव्या शुक्ला की मेडिकल की पढ़ाई के लिए फीस का इंतजाम कराया, इसके अलावा मगरयार गांव के प्रेम शंकर यादव के ऑपरेशन का खर्च उठाने में सहयोग किया। ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
20 साल से लोगों के सुख-दुख में साथ
अंकित सिंह परिहार पिछले 20 वर्षों से क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनके सुख-दुख में भागीदारी निभा रहे हैं। उनका कहना है कि जरूरत के समय किसी परिवार के काम आना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आपसी रिश्तों को निभाने का भी हिस्सा है। दिव्या की पढ़ाई के लिए फीस की व्यवस्था होने से उसके परिवार को राहत मिली, वहीं प्रेम शंकर के ऑपरेशन के खर्च में सहयोग से इलाज में मदद मिली। अंकित परिहार का बातचीत के दौरान उनका मानना है कि बच्चों की शिक्षा में सहयोग देकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने का रास्ता तैयार किया जा सकता है। इसी तरह, बीमारी और आर्थिक संकट के समय जरूरतमंदों के साथ खड़े रहना भी जरूरी है। उनके मुताबिक, परिवार क्षेत्र के लोग उनके लिए केवल क्षेत्रवासी नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा हैं। इसी भावना के साथ जरूरतमंदों की मदद का प्रयास लगातार जारी है।
कहीं पार्क तो कहीं स्मृति द्वार : शहर से गांव तक पटेल की स्मृति में काम
Wed, Oct 28, 2026
सेल्फी प्वाइंट और ओपन जिम भी बने, प्रेसवार्ता में सदर विधायक पंकज गुप्ता ने दी जानकारी
उन्नाव। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर जिले में उनकी स्मृति से जुड़े विकास कार्यों और आवास विकास स्थित पटेल पार्क में प्रतिमा के लोकार्पण की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में अलग-अलग स्थानों पर पार्क, स्मृति द्वार, सेल्फी प्वाइंट और ओपन जिम विकसित किए गए हैं। इन कार्यों के जरिए सरदार पटेल के योगदान को याद रखने के साथ सार्वजनिक स्थलों को भी विकसित किया गया है।विधायक ने बताया कि आवास विकास कॉलोनी में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से सरदार पटेल की स्मृति में पार्क बनवाया गया है। शहर के प्रवेश मार्ग पर बाईपास के पास भी स्मृति स्थल तैयार किया गया है। वहीं, सिविल लाइंस में कचहरी के प्रवेश मार्ग पर विधायक निधि से सरदार पटेल स्मृति द्वार बनवाया गया है। इसी इलाके में लोगों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी तैयार कराया गया है।
ब्लॉक परिसर में प्रतिमा के साथ ओपन जिम
पंकज गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में भी सरदार पटेल की स्मृति में काम कराए गए हैं। सिकंदर सरोसी ब्लॉक परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां पार्क और ओपन जिम भी बनाया गया है। इससे क्षेत्रीय लोगों को खुले स्थान पर व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी।
पटेल पार्क में प्रतिमा का लोकार्पण
प्रेसवार्ता में आवास विकास स्थित पटेल पार्क में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापना और लोकार्पण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। यह आयोजन उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर प्रस्तावित है। विधायक ने कहा कि सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश की एकता व अखंडता में योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इन प्रयासों का प्रमुख उद्देश्य है।
यह लोग रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में उन्नाव विकास संस्थान के प्रबंधक अशोक पटेल, महिला जिला अध्यक्ष निम्मी अरोड़ा, संयोजक राम सुमेर सिंह, सभासद अशोक सिंह (मुन्ना), उपाध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह, कार्यक्रम प्रभारी सुखसागर, सदस्य प्रवेध समिति अनिल पटेल, संरक्षक रश्मि मोहन अग्निहोत्री, सांस्कृतिक संयोजक डॉ. मनीष सिंह सेंगर और शैमी वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल की जयंती पर शुभकामनाएं भी दीं।