खाते में 30 हजार जमा हुए : दो मिनट बाद 68,400 रुपये पार
Thu, Sep 10, 2026
उन्नाव। लोकनगर निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से बिना जानकारी 68,400 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। पीड़ित के मुताबिक घटना से पहले उसके खाते में 30 हजार रुपये जमा हुए थे। इसके महज दो मिनट बाद ही खाते से रकम निकल गई। मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोकनगर निवासी मुकेश सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका खाता लखनऊ के विभूतिखंड स्थित एक्सिस बैंक शाखा में है। 27 मई की रात करीब 8:23 बजे उसके खाते में किसी व्यक्ति ने 30 हजार रुपये जमा किए। इसके दो मिनट बाद ही रात 8:25 बजे खाते से 68,400 रुपये ट्रांसफर हो गए। रकम निकलने के बाद खाते में महज 54 रुपये शेष रह गए। मुकेश के अनुसार उसने न तो यह रकम किसी को ट्रांसफर की और न ही यूपीआई के जरिए भुगतान किया। उसने एटीएम से भी रुपये नहीं निकाले और न ही कोई ऑनलाइन खरीदारी की। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर उसने मोबाइल ऐप से बैंक स्टेटमेंट डाउनलोड किया। इसमें 68,400 रुपये बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दर्शन सिंह के नाम से संचालित खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई। पीड़ित ने बैंक से संपर्क कर मामले की जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सदर कोतवाली में शिकायत की। मुकेश ने आशंका जताई कि किसी ने उसके बैंक खाते से छेड़छाड़ कर रकम निकाल ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल जाने निकला 15 वर्षीय किशोर लापता : रिपोर्ट दर्ज
Thu, Sep 10, 2026
उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज गांधी नगर से स्कूल जाने के लिए निकला 15 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोर की दादी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। नवाबगंज गांधी नगर निवासी सुमन पत्नी स्व. दिनेश चंद्र ने पुलिस को बताया कि उनका नाती अभिषेक पुत्र धर्मेंद्र (15) बचपन से उनके साथ रहकर पढ़ाई करता है। वह मूलरूप से कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के पतारी गांव का रहने वाला है। 24 अगस्त की सुबह करीब सात बजे अभिषेक घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। दादी के अनुसार, अभिषेक की तलाश परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तलाश के दौरान जानकारी हुई कि अभिषेक की ग्राम हिंदूखेड़ा निवासी मथुरा प्रसाद से फोन पर बातचीत होती थी। इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।पुलिस ने सुमन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस किशोर के संपर्क में रहे लोगों और मोबाइल फोन से जुड़ी जानकारी के आधार पर भी जांच कर रही है।
21वीं पुण्यतिथि : फैसल हसन "गुड्डू" की याद में सेवा का सिलसिला
Thu, Sep 10, 2026
100 से ज्यादा बच्चों को स्कूल बैग और शैक्षिक सामग्री बांटी, फैसल द्वार पर राहगीरों को कराया भोजन
उन्नाव। किसी की याद को जिंदा रखने का सबसे अच्छा तरीका जरूरतमंदों के काम आना है। इसी सोच के साथ स्वर्गीय फैसल हसन (गुड्डू) की 21वीं पुण्यतिथि पर शहर में सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से ज्यादा जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग और अन्य सामग्री दी गई। बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस दौरान बच्चों को पढ़ाई जारी रखने और भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता समेत शहर के कई समाजसेवी और गणमान्य लोग शामिल हुए। बच्चों को अपने हाथों से स्कूल बैग वितरित किए गए। मौजूद लोगों ने कहा कि किसी बच्चे की पढ़ाई में छोटी सी मदद भी उसके भविष्य को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।
बच्चों की पढ़ाई में मदद सबसे बड़ा सहयोग
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक परेशानी के कारण कई बार बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर उनकी मदद करनी चाहिए। शिक्षा के लिए मिलने वाला सहयोग बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाता है और उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने की राह दिखाता है।सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना समाज की जिम्मेदारी है। बच्चों के चेहरे पर खुशी देखकर यह महसूस होता है कि छोटी-सी मदद भी उनके लिए कितनी मायने रखती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने वाले ऐसे प्रयास लगातार होते रहने चाहिए।
फैसल हसन की याद में हर साल सेवा
पुण्यतिथि के मौके पर स्वर्गीय फैसल हसन (गुड्डू) को श्रद्धांजलि दी गई। परिजनों और मौजूद लोगों ने उनके सामाजिक योगदान और उनसे जुड़ी यादों को साझा करते हुए उन्हें नमन किया। परिजनों का कहना था कि फैसल हसन की स्मृति में हर साल सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया जाता है, ताकि उनकी याद समाज के बीच सकारात्मक कामों के साथ बनी रहे। सुहैल हसन (भैया) ने कहा कि फैसल गुड्डू की पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनकी मदद करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का एक तरीका है। बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराने का उद्देश्य यही है कि आर्थिक परेशानी उनकी शिक्षा के रास्ते में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि आगे भी जरूरतमंदों की मदद से जुड़े प्रयास जारी रहेंगे।
फैसल द्वार पर राहगीरों को भी कराया भोजन
पुण्यतिथि के अवसर पर आईबीपी चौराहा स्थित फैसल द्वार पर भी सेवा कार्यक्रम हुआ। यहां राहगीरों और जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। लोगों को भोजन वितरित किया गया। कार्यक्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि हर वर्ष पुण्यतिथि पर इसी तरह जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर सेवा करने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम में सुहैब हसन, जिया शाहिद, रेहान परवेज, नियाज खान, मेराज खान, सलमान शाहिद, फैसल, संजू,फिरोज कमाल, अतहर अली लाले समेत कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंदों की मदद और समाज में आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।