संस्कारों और गुरु-शिष्य परंपरा पर हुई चर्चा : साहित्य से संगीत तक की प्रतिभाओं का सम्मान
Mon, Aug 10, 2026
उन्नाव। युवा अपनी प्रतिभा को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें। परिवार, समाज, प्रकृति और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझें। संस्कारवान युवा ही विकसित, समरस और सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं। यह बात शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित गणेश मंडपम में संस्कार भारती की ओर से आयोजित संगोष्ठी, सम्मान समारोह एवं गीत संध्या में कही। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि वेद, पुराण और शास्त्र तभी सार्थक हैं, जब उनके विचारों को व्यक्ति अपने आचरण में उतारे। केवल ज्ञान अर्जित करना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे जीवन में लागू करना जरूरी है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे और महर्षि वेद व्यास के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद डॉ. मनिता सेंगर ने ध्येय गीत प्रस्तुत किया। संस्था के महामंत्री सियाराम पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्कार भारती के कार्यों की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रभात सिन्हा ने कहा कि व्यक्ति की योग्यता से अधिक महत्वपूर्ण उसका समाज के प्रति योगदान है। चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि गुरु को प्रणाम करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके दिए ज्ञान को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धा है। सत्य, परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रहित को जीवन का आधार बनाना चाहिए। वरिष्ठ साहित्यकार राम प्रकाश त्रिपाठी ने अपने अनुभव साझा किए। विशिष्ट वक्ता अनिरुद्ध सौरभ ने आधुनिक परिवेश में गुरु और समाज की स्थिति पर विचार रखे। अध्यक्षता कर रहे डॉ. ए.के. दीक्षित ने कहा कि लोग गुरुओं से और गुरु समाज से उम्मीद करते हैं, लेकिन हमें विचार करना चाहिए कि क्या हम आदर्श गुरु और आदर्श शिष्य की भूमिका निभा पा रहे हैं।
सात प्रतिभाओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम में साहित्य के क्षेत्र में राम प्रकाश त्रिपाठी, शिक्षा में सेवानिवृत्त शिक्षिका सुजाता गुप्ता, समाजसेवा में डॉ. अतिरेक द्विवेदी, कला में रोमा मिश्रा और संगीत के क्षेत्र में आल्हा गायक राम लखन तिवारी को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ रंगकर्मी मो. जब्बार अकरम और युवा संगीतकार तन्मय मिश्रा को ‘संस्कार रत्न’ से सम्मानित किया गया।
गीतों से सजी संगीत की महफिल
सम्मान समारोह के बाद गीत संध्या में कानपुर से आए गायक सुबोध आर्या ‘वॉयस ऑफ मुकेश’ और किंजल श्रीवास्तव ने मुकेश, किशोर, लता और आशा के गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। ‘सुहानी चांदनी रातें’, ‘एक प्यार का नगमा है’, ‘मौजों की रवानी’, ‘चांद सी महबूबा हो मेरी’ समेत कई गीतों पर श्रोताओं ने तालियां बजाईं। तनवी मिश्रा ने शास्त्रीय संगीत और ‘सादगी तो हमारी जरा देखिए’ प्रस्तुत किया। गायक रोहित तिवारी और व्यवसायी महेश गुप्ता ने भी गायन प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम संचालक डॉ. मनीष सेंगर ने ‘ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे’ सुनाकर माहौल खुशनुमा कर दिया। समापन पर संरक्षक डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने सभी का आभार जताया। इस दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष रामदेव शुक्ल, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार निगम, इंदुलता कन्नौजिया, अक्षय शुक्ला, महेंद्र शंकर त्रिपाठी, डॉ. सुरेंद्र मिश्र, शैलेंद्र त्रिवेदी, संजय राठी, डॉ. विनय तिवारी, केके श्रीवास्तव, पीके मिश्र, अखिलेश ओमर, दिवाकर द्विवेदी, असित अवस्थी, मंजुलता अवस्थी, स्मिता गुप्ता, गीता मिश्रा, धर्मेंद्र शर्मा, दीपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रसमलाई को लेकर विवाद : देवर-भाभी पर कैंची से हमला
Mon, Aug 10, 2026
पति-पत्नी घायल, जिला अस्पताल में भर्ती; छोटे भाई और उसकी पत्नी पर मारपीट का आरोप
उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात रसमलाई खाने को लेकर परिवार के लोगों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घायल शानू का आरोप है कि उसके छोटे भाई नूर और उसकी पत्नी फातमा ने लोहे की कैंची से हमला कर उसे और उसकी पत्नी साबरीन को घायल कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।बांगरमऊ के एक मोहल्ला निवासी शानू के अनुसार, रविवार रात परिवार में रसमलाई खाने को लेकर बात शुरू हुई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसके छोटे भाई नूर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि नूर की पत्नी फातमा भी विवाद में शामिल हो गई। दोनों पक्षों में गालीगलौज होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। शानू का आरोप है कि इसी दौरान नूर और फातमा ने लोहे की कैंची से उस पर और उसकी पत्नी साबरीन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों घायल हो गए। घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। रविवार रात करीब एक बजे दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। अस्पताल में शानू ने घटना की जानकारी देते हुए अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी पर हमला करने का आरोप लगाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में दोनों पक्षों से जानकारी ली जाएगी। मारपीट और कैंची से हमला किए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो वायरल : मोबाइल चोरी के शक में युवक को दी ‘तालिबानी सजा’
Sun, Aug 9, 2026
पिता-पुत्र ने हाथ बांधकर बीच सड़क पर सिर-मूंछ मुंडवाया, पुलिस ने दोनों को दबोचा
उन्नाव। मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को लखनऊ से पकड़कर गांव लाना पिता-पुत्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि घर लाने के बाद दोनों ने युवक से मोबाइल के बारे में पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर युवक को तालिबानी सजा़ दे डाली, उसके साथ मारपीट की और हाथ बांधकर उसका सिर व मूंछ मूंड़ दी। युवक को इस तरह सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का वीडियो भी सामने आया। जानकारी पुलिस तक पहुंची तो कार्रवाई शुरू हुई। पीड़ित के पिता की तहरीर पर आसीवन थाने में पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला आसीवन थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव का है। गांव निवासी राजू ने 30 जुलाई को पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उनके बेटे राज का मोबाइल चोरी हो गया है। चोरी का शक गांव के ही सोनू पर जताया गया था। इसके बाद राजू और उनका बेटा राज खुद ही सोनू की तलाश में जुट गए।
मोबाइल चोरी का शक जताकर लखनऊ से लाए
पाठकपुर निवासी गोकुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा सोनू एक अगस्त को गांव के ही राजू पुत्र रामगुलाम सिंह और उसके बेटे के साथ था। आरोप है कि राजू और उसका बेटा सोनू को मोबाइल चोरी के आरोप में लखनऊ से पकड़कर गांव ले आए। इसके बाद दोनों उसे अपने दरवाजे पर ले गए और मोबाइल के बारे में पूछताछ करने लगे। गोकुल के मुताबिक, सोनू ने मोबाइल चोरी की बात से इनकार किया तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद उसके हाथ बांध दिए गए।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय
घटना का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ग्रामीणों ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल चोरी का मामला पुलिस के संज्ञान में पहले से था। यदि पुलिस समय रहते मामले की जांच कर युवक से पूछताछ करती तो शायद पिता-पुत्र को कानून हाथ में लेकर इस तरह की कार्रवाई करने का मौका ही नहीं मिलता। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई लापरवाही स्वीकार नहीं की गई है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। गोकुल की तहरीर पर नौ अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया। एफआईआर में दोनों आरोपियों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी, अपमानित करने समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस बोली, वीडियो सामने आते ही की कार्रवाई
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।