साथी के हादसे से भड़के सफाईकर्मी : खुद संभाली यातायात व्यवस्था
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Nov 24, 2026
कचहरी पुल पर कार की टक्कर से कर्मचारी गंभीर, पिता की तहरीर पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

पुलिस पिकेट की जगह सड़क पर उतरे पालिका कर्मचारी, बड़े वाहनों को शहर के भीतर जाने से रोका

उन्नाव। कचहरी पुल पर सफाई करते समय साथी कर्मचारी के कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल होने के बाद नगर पालिका के सफाईकर्मियों का गुस्सा सोमवार देर रात को सड़क पर दिखाई दिया। कर्मचारियों ने आवास विकास बाईपास पर मोर्चा संभालते हुए बड़े वाहनों को शहर के अंदर जाने से रोक दिया। चालकों को निर्धारित रास्ते से जाने की हिदायत दी गई। इस दौरान यातायात पुलिस की जिम्मेदारी भी सफाईकर्मी निभाते नजर आए। साथी के साथ हुए हादसे ने कर्मचारियों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया। उनका कहना था कि शहर की सड़कों पर सफाई करते समय उनकी सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। दरअसल, रविवार रात कचहरी पुल पर सफाई के दौरान तेज रफ्तार कार की टक्कर से नगर पालिका का कर्मचारी धीरज कुमार पुल से नीचे जा गिरा था। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। उसके साथी शिवम के साथ भी कार चालक पर गालीगलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। धीरज का कानपुर के उर्सला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में घायल कर्मचारी के पिता महेश कुमार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार नंबर यूपी 78 ईजे 9240 के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, हादसे के अगले दिन सफाईकर्मियों ने बड़े वाहनों की आवाजाही रोककर यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। कर्मचारियों की इस पहल ने शहर में यातायात नियंत्रण और सड़क पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा का सवाल भी खड़ा कर दिया है।
पुल से नीचे गिरा था धीरज, हालत गंभीर
नरेंद्र नगर निवासी 34 वर्षीय धीरज कुमार नगर पालिका में सफाईकर्मी है। रविवार रात वह मोनू, राज और शिवम के साथ कचहरी पुल पर सफाई कर रहा था। इसी दौरान कार की टक्कर लगने से वह पुल से नीचे एवन मेडिकल स्टोर के पास जा गिरा। जिला अस्पताल से उसे कानपुर रेफर किया गया था।
शिवम से मारपीट का भी आरोप
धीरज के पिता महेश कुमार ने तहरीर में बताया कि हादसे के बाद कार रोकने की कोशिश करने पर चालक ने कर्मचारी शिवम के साथ गालीगलौज की और मारपीट की। इसमें शिवम को भी चोटें आईं। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर चालक को आरोपित करते हुए रिपोर्ट दर्ज की है।
सुरक्षा के लिए तय हो व्यवस्था
सड़क पर सफाई करने वाले कर्मचारियों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच काम करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए यातायात प्रबंधन, पर्याप्त संकेतक और जरूरी इंतजाम होने चाहिए। बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए निर्धारित रास्ते और शहर में प्रवेश संबंधी नियमों का पालन भी सुनिश्चित कराया जाना जरूरी है।
नशे में तेज रफ्तार वाहन भी बने डर की वजह
रात्रि ड्यूटी के दौरान सफाईकर्मियों को बड़े वाहनों के साथ नशे में तेज रफ्तार गाड़ियां दौड़ाने वालों का भी डर सताने लगा है। कर्मचारियों का कहना है कि धीरज को टक्कर मारने वाली कार का चालक भी कथित तौर पर नशे में था। ऐसे में सड़क पर काम करना जोखिम भरा हो गया है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन