पुराने जमीन सौदे में नया विवाद : जिला पंचायत अध्यक्ष की शिकायत पर धोखाधड़ी का मुकदमा
Wed, Aug 5, 2026
एक ही जमीन की दो रजिस्ट्री कराने का आरोप, पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत पांच लोगों पर केस,जांच शुरु
उन्नाव। जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने करीब 14 वर्ष पुराने जमीन के सौदे में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि वर्ष 2000 में जिस जमीन की रजिस्ट्री उनके दिवंगत पति के नाम हो चुकी थी, उसी जमीन को वर्ष 2012 में दोबारा दूसरे लोगों के नाम बेच दिया गया। पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।एफआईआर के मुताबिक, हिरन नगर निवासी जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह के पति स्वर्गीय अजीत सिंह ने 11 अप्रैल 2000 को आदर्श नगर स्थित गाटा संख्या 3484 की आधी भूमि अन्य लोगों के साथ मिलकर खरीदी थी। उस समय जमीन के मूल मालिक की ओर से छग्गन लाल को मुख्तानामा (पावर ऑफ अटॉर्नी) के जरिए बिक्री का अधिकार दिया गया था और उसी अधिकार के आधार पर बैनामा कराया गया था। शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2004 में पूर्व एमएलसी अजीत सिंह का निधन हो गया। काफी समय तक परिवार को इस जमीन की जानकारी नहीं थी। बाद में जानकारी होने पर राजस्व अभिलेखों में दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी कराई गई। आरोप है कि इसके बावजूद वर्ष 2012 में छग्गन लाल ने उसी जमीन का बैनामा पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह और उनकी पत्नी रमा सिंह के नाम कर दिया। जबकि उसे पहले हुई बिक्री और भुगतान की पूरी जानकारी थी। एफआईआर में कहा गया है कि जमीन पहले से बिक चुकी होने के बावजूद तथ्यों को छिपाकर दोबारा रजिस्ट्री कराई गई। शकुन सिंह का आरोप है कि दूसरे खरीदारों के साथ ही बैनामे के गवाह सुरेश कुमार और राजेन्द्र तिवारी को भी पहले हुए भूमि सौदे की पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद सभी ने आपसी मिलीभगत से दोबारा रजिस्ट्री कराकर धोखाधड़ी की। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि नामजद आरोपी विवादित भूमि पर कब्जा किए हुए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है। वही, मामले में नामजद पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि अजीत सिंह के नाम जिस बैनामे का दावा किया जा रहा है, उसमें वास्तविक छग्गन लाल की जगह किसी अन्य व्यक्ति को छग्गन लाल बताकर रजिस्ट्री कराई गई थी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने असली अधिकारधारी से जमीन खरीदी थी और उनके नाम दाखिल-खारिज भी हो चुका है। उनका कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई जांच में सामने आ जाएगी। कोतवाली सदर पुलिस ने इस मामले में अशोक सिंह, रमा सिंह, छग्गन लाल, सुरेश कुमार और राजेन्द्र तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा हादसा टला : धक्का लगवाकर स्टार्ट कराई जा रही रोडवेज बस स्कूटी पर चढ़ी
Tue, Aug 4, 2026
एटीएम के अंदर होने से मां-बेटे की बची जान, क्षतिग्रस्त स्कूटी को हटाने में लगा समय, जाम से लोग रहे परेशान
उन्नाव। शहर के हाकिम टोला स्थित रोडवेज बस अड्डे के बाहर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उन्नाव डिपो की एक रोडवेज बस स्टार्ट न होने पर यात्रियों से धक्का लगवाकर आगे बढ़ाई जा रही थी। धक्का लगने के बाद बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एटीएम बूथ के बाहर खड़ी स्कूटी पर चढ़ गई। संयोग अच्छा रहा कि स्कूटी सवार महिला अपने बेटे के साथ उस समय एटीएम के अंदर मौजूद थी। कुछ सेकेंड पहले यदि दोनों स्कूटी के पास होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्नाव डिपो की बस यात्रियों को लेकर पुरवा के लिए रवाना हो रही थी। बस अड्डे से निकलते ही वाहन अचानक बंद हो गया। चालक ने कई बार इंजन स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद यात्रियों से बस को धक्का लगाने के लिए कहा गया। लोगों ने धक्का लगाया तो बस तेजी से आगे बढ़ गई और सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। बस के नीचे स्कूटी फंसते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। एटीएम के अंदर मौजूद महिला बाहर निकली तो अपनी स्कूटी की हालत देखकर घबरा गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बस रुकवाई और पुलिस को सूचना दी। घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर सदर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद से बस को पीछे हटवाया, जिसके बाद स्कूटी को बाहर निकाला गया और यातायात सामान्य कराया गया। पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। उसने नुकसान की भरपाई के लिए पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। शहर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। बस को हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया गया। यदि इस संबंध में तहरीर मिलती है तो जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने लगाए मारपीट : छेड़छाड़ और नकदी लूटने के आरोप
Tue, Aug 4, 2026
पीड़िता बोली, मजदूरों की मजदूरी के लिए रखे थे 50 हजार रुपये, पर्स छीनकर भागे आरोपी
उन्नाव। थाना एफ-84 क्षेत्र में एक दुकान पर साफ-सफाई कराने पहुंची महिला और उसके साथ मौजूद अन्य महिलाओं के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और नकदी से भरा पर्स छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद घायल महिलाओं का इलाज कराया गया, जबकि पीड़िता ने पूरी वारदात का वीडियो भी होने का दावा किया है। पीड़िता के मुताबिक, 2 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे वह लखनऊ-बांगरमऊ रोड किनारे स्थित अपनी दुकान पर कुछ मजदूरों के साथ सफाई का काम कराने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोग वहां आ गए। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ करने लगे। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो मामला और बढ़ गया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने लाठी-डंडों, बेल्ट और धारदार वस्तुओं से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में पीड़िता समेत अन्य महिलाएं घायल हो गईं। एक महिला के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। वहीं दूसरी महिला की चूड़ियां टूट गईं, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई और खून निकलने लगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरों की मजदूरी देने के लिए अपने पर्स में 50 हजार रुपये नकद लेकर गई थी। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका पर्स भी छीन लिया और उसमें रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी और बताया कि पूरी घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसे जांच में साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराया जा सकता है। पीड़िता ने पुलिस से वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।