सोशल मीडिया पर बदनामी : इंस्टाग्राम बना महिलाओं को परेशान करने का जरिया
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Nov 15, 2026
गंगाघाट और फतेहपुर चौरासी में दर्ज हुए दोनों मामलें, पुलिस जांच में जुटी
उन्नाव। सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो का गलत इस्तेमाल कर महिलाओं को परेशान करने के मामले सामने आए हैं। कहीं रिश्तेदारी में ही भरोसे का रिश्ता सवालों के घेरे में है तो कहीं खेत की ओर जा रही युवती के साथ छेड़छाड़ कर उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाने का आरोप लगा है। दोनों मामलों में पीड़िताओं की शिकायत पर अलग-अलग थानों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
रिश्तेदार पर फोटो का गलत इस्तेमाल करने का आरोप
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने कानपुर निवासी अपने मौसी के बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी उसकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल कर उसे समाज में बदनाम करने की नीयत से इंस्टाग्राम पर परेशान कर रहा है। उसने आरोपी को फोन पर समझाने की कोशिश की तो वह गाली-गलौज करने लगा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इस पर गंगाघाट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
खेत जाते समय बाग में खींचने का आरोप
दूसरा मामला फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक युवती ने युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब पांच बजे युवती खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति के यूकेलिप्टस के बाग के सामने युवक पहुंच गया। आरोप है कि उसने युवती का हाथ पकड़कर उसे बाग के अंदर खींच लिया और अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। युवती के शोर मचाने पर उसके पिता खेत से दौड़कर मौके की ओर पहुंचे। उन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। युवती का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी बनाए गए अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम पर डालकर उसे बदनाम कर रहा है। इससे उसकी और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं रुका मामला
युवती ने शिकायत में बताया कि उसने आरोपी के पिता से भी इस संबंध में बात की थी। फोन पर आरोपी पक्ष से वीडियो और फोटो प्रसारित करने की वजह पूछी तो कथित तौर पर जवाब मिला कि जो करना हो कर लो, वीडियो वायरल किए जाएंगे और शादी भी नहीं होने दी जाएगी। युवती का कहना है कि बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है, जिसे जरूरत पड़ने पर पुलिस के सामने पेश करेगी।
दोनों मामलों में पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
दोनों घटनाओं में महिलाओं ने सोशल मीडिया पर तस्वीरों और वीडियो के कथित दुरुपयोग को लेकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। गंगाघाट और फतेहपुर चौरासी पुलिस ने शिकायतों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फतेहपुर चौरासी के मामले में घटना 15 अक्टूबर की बताई गई है, जबकि रिपोर्ट 14 नवंबर को दर्ज कराई गई। दोनो मामलें में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन