ठगी का शिकार : सम्मोहित कर महिला के जेवर उतरवाए, दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Nov 25, 2026
उन्नाव। दो अनजान लोगों पर भरोसा करना एक महिला को भारी पड़ गया। बैंक से बाहर निकलने के बाद मिले दो युवकों ने पहले उसे अपनी बातों में उलझाया और फिर ऑटो में बैठाकर गदनखेड़ा बाईपास तक ले गए। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसे सम्मोहित कर दिया गया। जब कुछ देर बाद उसे होश आया तो गले से सोने की चेन और कानों से झुमके गायब थे। खुद को ठगी का शिकार समझ महिला ने परिजनों को जानकारी दी और कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गांधीनगर निवासी गुड्डी पत्नी राममिलन के मुताबिक, 23 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह बैंक ऑफ इंडिया में किसी काम से गई थीं। बैंक से निकलकर अचलगंज तिराहे पहुंचीं तो वहां दो अज्ञात व्यक्ति मिल गए। आरोप है कि दोनों ने बातचीत के दौरान उन्हें इस कदर अपने प्रभाव में ले लिया कि वह कुछ समझ नहीं सकीं। इसके बाद दोनों उन्हें ऑटो रिक्शा से गदनखेड़ा बाईपास ले गए। महिला के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने उनकी सोने की चेन और झुमके उतरवा लिए। कुछ समय बाद जब उन्हें होश आया तो अपने साथ हुई घटना का पता चला। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने अचलगंज तिराहे से गदनखेड़ा बाईपास के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराने की मांग की है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। साथ ही ठगे गए आभूषण बरामद कराने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन