सड़क सुरक्षा पर डीएम सख्त : लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Nov 25, 2026
ओवरलोड वाहनों पर रोजाना कार्रवाई के निर्देश, अनफिट स्कूल वाहन मिले तो मान्यता होगी निरस्त

उन्नाव। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उनका जोर केवल नियमों का पालन कराने तक नहीं, बल्कि सड़कों पर दिखाई देने वाली अव्यवस्थाओं को दूर करने पर भी रहा। ओवरलोड वाहनों का संचालन, स्कूली बच्चों की सुरक्षा, कोहरे में दुर्घटनाओं की आशंका और शहर में बेतरतीब यातायात व्यवस्था जैसे मुद्दों पर डीएम ने संबंधित विभागों से जवाबदेही के साथ काम करने को कहा। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए सभी विभागों को गंभीरता से जिम्मेदारी निभानी होगी। इसके लिए नियमित अभियान चलाने और कार्रवाई की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
स्कूलों की मनमानी पर लगाम
अनफिट वाहन मिले तो मान्यता पर कार्रवाई
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में वाहन सुरक्षा समिति गठित कराई जाए और उसकी नियमित बैठक हो। स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच कराई जाए। अनफिट वाहन चलते मिलने पर संबंधित विद्यालय की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। चालकों का चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण भी समय से पूरा कराया जाए।
कोहरे से निपटने की तैयारी
एक्सप्रेसवे पर लगेंगी एंटी फॉग गन
सर्दियों में कोहरे के कारण सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए डीएम ने यूपीडा के अधिकारियों को गंगा और यमुना सीमा वाले क्षेत्रों में एंटी फॉग गन लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। कम दृश्यता वाले स्थानों पर वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने पर भी जोर दिया।
शहर की व्यवस्था सुधारने पर जोर
लेबर अड्डों के लिए चिह्नित होगी जमीन
डीएम ने उन्नाव और गंगाघाट के अधिशासी अधिकारियों को एक्सप्रेसवे पर घूम रहे आवारा पशुओं को प्राथमिकता से गौशालाओं में पहुंचाने को कहा। टेंपो, टैक्सी, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड बनवाने के साथ अनाधिकृत पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। शहर में जमीन चिह्नित कर लेबर अड्डे विकसित करने को भी कहा, ताकि सड़कों पर अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति से राहत मिल सके।
दुर्घटना वाले स्थानों पर होगा सुधार
अवैध कट और ब्लैक स्पॉट पर नजर
डीएम ने ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्य कराने तथा अवैध कट बंद करने के निर्देश दिए। संभागीय परिवहन अधिकारी को ओवरलोड और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रतिदिन अभियान चलाकर अधिक से अधिक वाहनों पर कार्रवाई करने और नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ हादसों में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
प्रशासनिक अमला रहा बैठक में मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन