Wed 25 Nov 2026

ब्रेकिंग

लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही

पहलवानों ने दिखाया दमखम

सम्मोहित कर महिला के जेवर उतरवाए, दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट

दो होनहारों की पढ़ाई में अंकित सिंह परिहार बने मददगार

देवराकला में मिट्टी की खुदाई पर पुलिस की कार्रवाई

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

विवाद : वेयरहाउस की जमीन पर फिर आमने-सामने आए दो पक्ष

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Tue, Nov 24, 2026
Post views : 69

पहले भी दो बार हो चुकी थी पैमाइश, तीसरी बार सीमांकन करने पहुंची टीम से नोकझोंक; छह नामजद

उन्नाव। पुरवा तहसील के सहरावां गांव में वेयरहाउस निर्माण के लिए खरीदी गई जमीन का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। पहले दो बार सरकारी स्तर पर पैमाइश और सीमांकन कराए जाने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। सोमवार को जमीन का दोबारा चिन्हांकन कराने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने राजस्व कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने लगे। अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्रीय लेखपाल ने थाना सोहरामऊ में तहरीर दी। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में इन्वेस्ट यूपी कार्यक्रम के तहत क्वीकार्गो लॉजिस्टिक्स एलएलपी की ओर से वेयरहाउस स्थापित किया जा रहा है। कंपनी ने गाटा संख्या 2029, 2248, 2249 और 2250 में जमीन खरीदी है। इसी जमीन की सीमाओं को लेकर विवाद चल रहा है। लेखपाल ममता प्रजापति के मुताबिक, पूर्व में हुई दोनों सरकारी जांचों में संबंधित पक्ष की दर्ज जमीन मौके पर पूरी पाई गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य में व्यवधान की शिकायतें मिल रही थीं। 20 नवंबर को एसडीएम पुरवा की ओर से जारी आदेश के अनुपालन में 23 नवंबर को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम दोबारा चिन्हांकन करने पहुंची थी। इसी दौरान विवाद होने का आरोप लगाया गया है।

इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट

लेखपाल ममता प्रजापति की तहरीर पर शिवरानी पत्नी चंदन लाल, उनकी पुत्रियां कांति, नीता और सोनी तथा पुत्र संतोष और विष्णु निवासी ग्राम सहरावां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर सरकारी कार्य में हस्तक्षेप किया और राजस्व टीम के साथ अभद्रता की।

दो बार हो चुका है सीमांकन

जमीन विवाद को लेकर पहली बार तीन जून को नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में राजस्व टीम ने पैमाइश की थी। इसके बाद चार जुलाई को एसडीएम पुरवा और सीओ पुरवा की मौजूदगी में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने दोबारा सीमांकन किया। लेखपाल की तहरीर के अनुसार, दोनों जांचों में गाटा संख्या 2250 में शिवरानी के नाम दर्ज 0.4800 हेक्टेयर भूमि मौके पर उपलब्ध पाई गई थी।

कई अधिकारी और पुलिसकर्मी रहे मौजूद

23 नवंबर को हुई कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की टीम मौके पर थी। वहीं सीओ पुरवा, थानाध्यक्ष असोहा और थानाध्यक्ष सोहरामऊ पुलिस बल के साथ मौजूद थे। इसके बावजूद विरोध और सरकारी काम बाधित करने का आरोप लगाया गया है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन