सामाजिक सरोकार : सामूहिक विवाह में एक-दूजे के हुए जोड़े, नई जिंदगी के सफर पर बढ़े कदम
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Nov 24, 2026
विधायक पकंज गुप्ता ने दिया आशीर्वाद, नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की

उन्नाव। किसी के घर में शादी की खुशियां हों तो पूरा परिवार उत्साह से तैयारियों में जुट जाता है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए विवाह की जिम्मेदारी कई बार बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे परिवारों को सहारा देने और समाज में सामूहिक सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीडी नगर में सामूहिक विवाह समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में विवाह के बंधन में बंधे जोड़ों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में पहुंचे सदर विधायक पंकज गुप्ता ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। जब समाज के लोग मिलकर किसी परिवार की खुशी में भागीदार बनते हैं तो उसका महत्व और बढ़ जाता है। ऐसे आयोजन उन परिवारों के लिए भी राहत का माध्यम हैं, जिनके सामने आर्थिक परिस्थितियों के चलते विवाह की व्यवस्था करना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि विवाह दो लोगों के एक साथ जीवन बिताने का संकल्प भर नहीं है, बल्कि इससे दो परिवार भी रिश्तों के बंधन में जुड़ते हैं। इस रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए आपसी विश्वास, प्रेम और सम्मान जरूरी है। नवदंपति एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हुए जीवन की नई पारी शुरू करें और हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाएं। विधायक ने आयोजन से जुड़े लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यों में जनभागीदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। सामूहिक विवाह जैसे कार्यक्रम जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ ही सामाजिक समरसता का संदेश भी देते हैं।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में श्रीमती अंजू प्रजापति, अध्यक्ष गायत्री प्रसाद प्रजापति, उपाध्यक्ष रामदास प्रजापति, रामनरेश प्रजापति, महामंत्री कन्हैयालाल प्रजापति, विवाह संयोजक डॉ. महाबीर प्रजापति, कृष्णा कुमार प्रजापति, जगन्नाथ प्रजापति, अवधेश प्रजापति और रामदत्त प्रजापति समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन