मामला उजागर : देवराकला में मिट्टी की खुदाई पर पुलिस की कार्रवाई
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Nov 25, 2026
खान विभाग ने पकड़ा 7200 घन मीटर खनन का मामला, अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
उन्नाव। जमीन की खुदाई कर मिट्टी निकालने का मामला गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के देवराकला गांव में सामने आया है। खान विभाग की जांच में बड़े हिस्से में मिट्टी की खुदाई के निशान मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विभाग के मुताबिक, करीब 7200 घन मीटर मिट्टी निकाले जाने का अनुमान है। खान अधिकारी मनीष यादव ने 23 नवंबर को गांव में निरीक्षण किया था। इस दौरान करीब 90 मीटर लंबा और 40 मीटर चौड़ा क्षेत्र खुदा मिला। खुदाई की गहराई लगभग दो मीटर आंकी गई। जांच में खनन के लिए कोई वैध अनुमति नहीं मिली। हालांकि, मौके पर न तो मिट्टी लदे वाहन मिले और न ही खुदाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी बरामद हुई। इसके बावजूद जमीन पर मौजूद खुदाई के निशानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अवैध खनन की आशंका जताई गई। खान अधिकारी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गंगाघाट कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने खान एवं खनिज अधिनियम और उत्तर प्रदेश उपखनिज परिहार नियमावली के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात होते ही सक्रिय होने की शिकायतें
जिले के अलग अलग इलाके में मिट्टी के अवैध कारोबार को लेकर रात के समय खुदाई किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। आरोप है कि अंधेरा होते ही खनन कारोबारी जमीन की खुदाई कर मिट्टी निकालते हैं। इससे खेतों और खाली भूखंडों का स्वरूप बदल रहा है। देवराकला में सामने आया मामला इस गतिविधि पर रोक लगाने की जरूरत को फिर उजागर करता है।
नंबर प्लेट छिपाकर दौड़ते हैं डंपर
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जाते हैं कि मिट्टी ढोने वाले डंपर और बड़े वाहनों की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर उसे छिपा दिया जाता है, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। यह भी शिकायतें हैं कि कुछ खनन कारोबारी अनुमति से अधिक क्षेत्र में खुदाई करते हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर आवाज, कार्रवाई पर सवाल
अवैध मिट्टी खनन को लेकर स्थानीय लोग सोशल मीडिया पर लगातार तस्वीरें, वीडियो और लोकेशन तक साझा कर जिम्मेदारों तक जानकारी पहुंचाते हैं। इसके बावजूद लोगों का आरोप है कि इस कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। सवाल यह है कि शिकायतें सामने आने के बाद विभागीय निगरानी कितनी सक्रिय होती है और खनन में शामिल लोगों तक कार्रवाई कब पहुंचेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन